छत्तीसगढ़

नगर निगम के राजस्व कार्यालय में लगी आग, जल गई महत्वपूर्ण फाइलें

Nil dhankar
9 March 2023 2:53 PM IST
नगर निगम के राजस्व कार्यालय में लगी आग, जल गई महत्वपूर्ण फाइलें
x
छग

राजनांदगांव। नगर निगम के राजस्व कार्यालय में होली की देर शाम आगजनी की घटना हो गई, जिसमें राजस्व विभाग से संबंधित सैकड़ों दस्तावेज जलकर खाक हो गए। काफी मशक्कत के बाद राजस्व कार्यालय में लगी इस आग को बुझाया गया, वहीं अब इस आगजनी की जांच की जा रही है। राजनांदगांव नगर निगम में आग लगना और महत्वपूर्ण फाइलें जल जाना आम बात है। कुछ वर्षों के अंतराल में राजनांदगांव नगर निगम में इस तरह की घटना अक्सर घटती है, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल जाते हैं। बुधवार की शाम होली पर्व के दौरान राजनांदगांव नगर निगम के राजस्व कार्यालय से धुआं उठता दिखाई दिया। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस और दमकल को दी गई।

मौके पर नगर निगम के अधिकारी भी पहुंचे और आग बुझाने की मशक्कत में जुट गए। काफी प्रयास के बाद राजस्व कार्यालय में लगी इस आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक राजस्व से संबंधित सैकड़ों फाइलें जलकर खाक हो गई। इस आगजनी को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यादु ने कहा कि आगजनी से कई वार्ड के रिकॉर्ड जल गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राजस्व विभाग में ताला तोड़कर कुछ फाइलों की चोरी की घटना हुई थी। उन्होंने इस आगजनी के पीछे षड्यंत्र होने की बात कही है और मामले की उचित जांच की मांग की है। नगर निगम के राजस्व विभाग में आगजनी की घटना से शहर के कई वार्ड की टैक्स संबंधित फाइलें भी जल गई है। वहीं शहर में कई ऐसे बड़े बकायदा हैं जिनसे नगर निगम को लाखों रुपए वसूलने है।

Next Story