छत्तीसगढ़

हार्डवेयर और पेंट दुकान में लगी आग, शॉर्ट सर्किट ने लिया विकराल रूप

Nilmani Pal
24 Feb 2025 9:11 AM IST
हार्डवेयर और पेंट दुकान में लगी आग, शॉर्ट सर्किट ने लिया विकराल रूप
x
60 लाख का नुकसान

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित समलाया मंदिर के पास एक हार्डवेयर और पेंट की दुकान में देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

आगजनी की यह घटना महामाया रोड स्थित अमर इंटरप्राइजेज में रात करीब 12 बजे हुई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेजी से फैल गई, लेकिन चूंकि दुकान का शटर बंद था, इसलिए दुकान मालिक को इसकी जानकारी देर से मिली। जब दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा, तब स्थानीय लोगों ने हो-हल्ला मचाया, जिसके बाद दुकान संचालक को घटना की सूचना मिली। आसपास के लोगों ने सबसे पहले दुकान से लगे घर में मौजूद परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल कर्मियों और पुलिस की लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस आगजनी में 50 से 60 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग अन्य स्थानों पर नहीं फैली, वरना इससे बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। स्थानीय नागरिकों ने भी सूझबूझ दिखाते हुए पहले घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और फिर पुलिस को सूचना दी।

Next Story