छत्तीसगढ़

कोरबा में चलती यात्री बस में अचानक लगी आग, धुएं से मची चीख-पुकार

SHIDDHANT
10 Nov 2026 10:32 PM IST
कोरबा में चलती यात्री बस में अचानक लगी आग, धुएं से मची चीख-पुकार
x
25 यात्रियों की बची जान
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में चलती यात्री बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस के गियर बॉक्स में आग लगते ही केबिन में धुएं का गुबार भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। धुआं देखकर यात्री घबरा गए और चीख-पुकार शुरू हो गई। हालांकि, बस चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जानकारी के मुताबिक, यात्री बस सड़क पर चल रही थी। इसी दौरान अचानक बस के गियर बॉक्स में आग लग गई। देखते ही देखते आग के कारण केबिन में धुआं भरने लगा। धुआं उठता देख यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था की।
15 मिनट तक सुलगता रहा गियर बॉक्स
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बस चालक ने समय रहते वाहन रोक दिया, जिससे सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल सके। अगर समय पर बस नहीं रोकी जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सड़क पर लगी वाहनों की कतार
इस घटना के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए वाहनों की कतार लग गई। बस में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
Next Story