छत्तीसगढ़

कपड़ा शॉप में लगी आग, व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान

Nil dhankar
22 Jun 2026 8:55 AM IST
कपड़ा शॉप में लगी आग, व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान
x
छग

कवर्धा। शहर के मुख्य बाजार में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी तीन मंजिला दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने या दुकान के भीतर रखे सामान को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान संचालक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन मंजिला दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। आगजनी की इस घटना में दुकान में रखा कपड़ा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार व्यापारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित व्यापारी नदीम अंसारी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर लौटे थे। कुछ देर बाद उन्हें लोगों का फोन आया कि उनकी दुकान से आग की लपटें निकल रही हैं। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शटर खोलते ही देखा कि पूरा प्रतिष्ठान आग की चपेट में आ चुका था और आग तेजी से फैल रही थी।

फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


Next Story