
x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र भाषा वाले वीडियो के प्रसारण का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस से शिकायत कर वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोमा देवांगन ने फेसबुक पर एक पोर्टल और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से एक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें एक युवक द्वारा रायपुर महापौर मीनल चौबे के संबंध में कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वीडियो में महिलाओं के प्रति भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो को बिना आपत्तिजनक हिस्सों को हटाए सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है। आवेदन में संबंधित वीडियो, पोस्ट और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से वीडियो के मूल स्रोत, इसे बनाने वाले व्यक्ति और इसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच करने का आग्रह किया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि किसी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस तरह की भाषा का सार्वजनिक प्रसारण उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है। साथ ही ऐसी सामग्री से समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से मांग की है कि वीडियो, पोस्ट और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जाए। इसके अलावा वीडियो को जानबूझकर प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मामले में पुलिस की ओर से अभी जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों, सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आते रहे हैं। पुलिस लगातार लोगों से अपील करती रही है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और भाषा का ध्यान रखें। फिलहाल यह मामला शिकायत के आधार पर जांच के दायरे में है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और किन लोगों की भूमिका सामने आती है।
Next Story





