छत्तीसगढ़

बेटी की आत्महत्या मामले में पिता पर FIR दर्ज, गिरफ्तार करेगी पुलिस

Nil dhankar
30 May 2024 7:30 AM IST
बेटी की आत्महत्या मामले में पिता पर FIR दर्ज, गिरफ्तार करेगी पुलिस
x
छग

बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र के बरतोरी में पिता की पिटाई से नाराज किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। स्वजन के बयान के आधार पर पुलिस ने पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

बिल्हा क्षेत्र के बरतोरी में रहने वाले लेखराम डहरिया किसान हैं। बुधवार 22 मई की शाम वे घर पर मोबाइल में किसी से बात कर रहे थे। उनकी 14 साल की बेटी दिव्या उर्फ मुस्कान ने पिता को धीमी आवाज में बात करने के लिए कहा। इससे नाराज होकर उसने अपनी बेटी की पिटाई कर दी। पिता की पिटाई से नाराज किशोरी ने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली।

कुछ देर बाद स्वजन को इसकी जानकारी हुई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पूछताछ में स्वजन ने पुलिस को बताया कि लेखराम की मानसिक स्थिति आए दिन खराब हो जाती है। उसका सेंदरी में उपचार भी चला है। इसके साथ ही वह आए दिन शराब पीकर लोगों से विवाद करता है। पुलिस ने स्वजन का बयान दर्ज किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने किशोरी के पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

Next Story