घरेलू विवाद में 21 लोगों पर FIR दर्ज, मां-बेटे की लड़ाई ने लिया विकराल रूप

दंतेवाड़ा। जिले में एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपनी मां को थप्पड़ जड़ दिया। जिसके बाद महिला के मायके वालों ने बेटे की पिटाई कर दी। विवाद बढ़ा तो गांव में पंचायत बिठाई गई। जिसके बाद महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष वालों को बेदम पीट दिया। इस मारपीट में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से 21 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें एक पक्ष ने 17 लोगों के खिलाफ तो दूसरे ने 4 समेत अन्य के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करवाई है। मामले की जांच जारी है। अब भी गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, करीब 2 से 3 दिन पहले बेड़मा गांव के रहने वाले युवक नंदा सोरी (25) ने घरेलू विवाद के चलते अपनी मां को थप्पड़ मार दिया था। जिसके बाद महिला अपने मायके वालों के पास गई। मायके वाले भी उसी गांव के रहने वाले हैं। महिला ने रोते-बिलखते मायके वालों को बेटे की हरकत के बारे में बताई। वहीं अगले दिन मायके वाले महिला के घर पहुंच गए। जहां उन्होंने बेटे नंदा सोरी को इस गलती पर उसे पीट दिया। मारपीट के बाद वे घर चले गए थे। जिसके बाद महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने इसपर नाराजगी जताई और पंचायत बिठाई गई। पंचायत में सरपंच से लेकर पंच सभी मौजूद थे। जिसमें दोनों पक्ष के लोगों को बुलाया गया था।
यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर से बढ़ गया। इस बार ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को पीटना शुरू कर दिया। दोनों तरफ से जमकर हाथापाई हुई। लाठी-डंडे चले। एक दूसरे को सिर फटते तक मारा। वहीं इस विवाद में 10 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें 5 से 7 लोगों को अस्पताल लाया गया है। वहीं पुलिस को जानकारी मिलते ही जवान गांव पहुंचे। वहीं मायके पक्ष की तरफ से पीड़ित शिव कुमार कुंजाम ने दूसरे पक्ष के सोना राम सोरी, नंदा सोरी, राहुल सोरी, राजा कुंजाम समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। दूसरे पक्ष के नंदा सोरी की तरफ से हुई FIR में 17 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कहा कि 1 नवंबर की रात FIR दर्ज हुई है। मामले की जांच चल रही है।





