छत्तीसगढ़

वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने हितग्राहियों को सौंपी

Shantanu Roy
2 Nov 2025 11:52 PM IST
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने हितग्राहियों को सौंपी
x
छग
Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायगढ़ में शनिवार को रजत महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक बना। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य के वित्तमंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि “राज्य निर्माण के बाद छत्तीसगढ़ ने तेजी से विकास के पथ पर कदम बढ़ाए हैं और आज यह देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है।” मंत्री ओपी चौधरी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियां और स्वीकृति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना से कार्य कर रही है, जिससे गांव-गरीब और किसान आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान वित्तमंत्री चौधरी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, उद्योग और शिक्षा विभागों की उपलब्धियों की जानकारी ली और अधिकारियों को राज्य के विकास में बेहतर कार्य के लिए सराहना दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने बीते 25 वर्षों में केवल बुनियादी ढांचा ही नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य ने अब आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं और आने वाले वर्षों में यह विकास का मॉडल राज्य बनेगा। रजत महोत्सव के अवसर पर जिले के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक पेश की। पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने राज्य की सांस्कृतिक धरोहर पर गर्व जताया। इस मौके पर रायगढ़ कलेक्टर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंच से वित्तमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष छत्तीसगढ़ की जनता की मेहनत, समर्पण और संघर्ष की कहानी हैं। उन्होंने युवाओं से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को देश का सबसे विकसित और समृद्ध राज्य बनाना ही सरकार का लक्ष्य है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में सम्मानित नागरिकों और विभागीय अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
Next Story