छत्तीसगढ़

जितनी एफआईआर करनी है करो जनता का पैसा खाने नही देंगे: भाजपा

Shantanu Roy
31 Dec 2022 4:00 PM GMT
जितनी एफआईआर करनी है करो जनता का पैसा खाने नही देंगे: भाजपा
x
छग
रायपुर। पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल,पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत,पूर्व विधायक नंदे साहू, श्रीचंद सुंदरानी व भाजपा रायपुर शहर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भूपेश बघेल सरकार अगर यह गलतफहमी पाल कर रखी है कि उनके केस दर्ज कर लेने से भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता डर जाएगा तो यह गलतफहमी निकाल दें। भाजपा का कार्यकर्ता न तो कभी झुका है न कभी डरा है। वह लगातार जनता के अधिकार के लिए संघर्ष करता रहेगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि रायपुर नगर निगम में लगातार अनियमितताओं का बोलबाला रहा है और उसकी शिकायत मिलती रही है। इन विषयों के साथ स्मार्ट सिटी के पैसे के दुरुपयोग व भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूर्व में भी समाचार पत्र से लेकर जोन कार्यालय व निगम में मामले उठाती रही है।
इस समय भी रायपुर शहर की जनता की मांगों को लेकर महापौर व निगम कमिश्नर से जवाब मांगने भाजपा ने निगम मुख्यालय का घेराव किया परंतु जनता को संतुष्ट करने की बजाय शासन ने हठधर्मिता से पुलिस को आगे करके भाजपा कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया। सरकार ने दबाव बनाने के लिए एक तरफा कार्रवाई कर झूठे मामले बनाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार, जनता से किए वादे पूरे करने में पूरी तरह से असफल रही है और अपने खिलाफ उठ रही जनता की आवाज को सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाने के लिए प्रदेश सरकार और उसके नुमाइंदे लगातार नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के दमन के खिलाफ हम मुखरता से अपनी बात रखेंगे और अगर हम भाजपा कार्यकर्ताओं को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो भविष्य के उग्र आंदोलन की जवाबदारी भूपेश बघेल सरकार की होगी।
Next Story