छत्तीसगढ़

नशे के खिलाफ साइकिल पर जंग, धमतरी के ग्रामीण निकले नेपाल

Nilmani Pal
28 March 2026 8:32 AM IST
नशे के खिलाफ साइकिल पर जंग, धमतरी के ग्रामीण निकले नेपाल
x
छग

धमतरी। जब इरादे मजबूत हों, तो रास्ते खुद-ब-खुद बन जाते हैं। कुछ ऐसा ही जज़्बा लेकर धमतरी जिले के छोटे से ग्राम चर्रा (कुरुद) के 35 वर्षीय युवा तुलसीराम साहू एक बार फिर समाज को नई दिशा देने निकल पड़े हैं। उनके हाथों में साइकिल की हैंडल है, लेकिन दिल में एक बड़ा सपना नशामुक्त समाज का निर्माण।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की प्रेरणा और समाज कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में तुलसीराम नेपाल स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास डेरा की ओर अपनी लंबी यात्रा पर रवाना हुए। इस प्रेरणादायक सफर को हरी झंडी दिखाकर जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर ने रवाना किया। उन्होंने तुलसीराम से आत्मीय बातचीत कर उनके हौसले को और मजबूती दी और सुरक्षित व सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।यह यात्रा सिर्फ किलोमीटरों की दूरी तय करने के लिए नहीं है, बल्कि उन युवाओं तक संदेश पहुंचाने का एक प्रयास है, जो नशे की गिरफ्त में अपनी जिंदगी खो रहे हैं। तुलसीराम का मानना है कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को अंदर से खोखला कर देता है। उनकी यह राह आसान नहीं है, लेकिन उनके कदमों में ठहराव नहीं है। इससे पहले भी तुलसीराम ने कई ऐतिहासिक यात्राएं की हैं।

वर्ष 2020 में नारी सम्मान के लिए दल्लीराजहरा से दिल्ली तक साइकिल यात्रा, 2024 में धमतरी से अयोध्या तक नशामुक्ति का संदेश और 2025 में पंजाब, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान व हरियाणा जैसे राज्यों में लंबा भ्रमण। हर यात्रा के साथ उनका उद्देश्य और मजबूत होता गया हैकृसमाज को जागरूक करना, युवाओं को सही राह दिखाना।

रवाना होते समय तुलसीराम की आंखों में उम्मीद थी और शब्दों में दृढ़ता

“मैं चाहता हूं कि कोई भी युवा नशे की वजह से अपना भविष्य बर्बाद न करे। अगर मेरी इस यात्रा से एक भी जीवन बदलता है, तो यह सफर सफल होगा।“

Next Story