छत्तीसगढ़

नक्सलमुक्त बस्तर में लौटी त्योहारों की रौनक, बोले विजय शर्मा- अब नहीं रहा पहले जैसा डर

Shantanu Roy
7 Nov 2026 7:12 PM IST
नक्सलमुक्त बस्तर में लौटी त्योहारों की रौनक, बोले विजय शर्मा- अब नहीं रहा पहले जैसा डर
x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलमुक्त बस्तर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आने के बाद बस्तर के कई गांवों में पहली बार दिवाली मनाई जाएगी। क्षेत्र में अब काफी बदलाव आया है और ग्रामीणों में उत्साह एवं उत्सव का माहौल है। पहले जहां शिक्षा दूतों की हत्या और जन अदालत लगाकर लोगों को मौत के घाट उतारने जैसी घटनाओं का डर रहता था, अब वहां वैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने नक्सलमुक्त बस्तर के सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। डिप्टी सीएम ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आने के बाद बस्तर में विकास और सामान्य जनजीवन को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ग्रामीण अब बिना डर के त्योहार मनाने और सामान्य गतिविधियों में भाग लेने की स्थिति में हैं।

दीपक बैज के बयान पर किया पलटवार
नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त नहीं होने के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दीपक बैज को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देखना चाहिए। उन्हें यह बताना चाहिए कि नक्सलवाद के खिलाफ उनकी सरकारों ने क्या कदम उठाए थे। शर्मा ने झीरम कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि पहले उन्हें इन मुद्दों को समझना चाहिए, इसके बाद उनसे बात करनी चाहिए।

SIR को लेकर कांग्रेस पर लगाए भ्रम फैलाने के आरोप
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी उपमुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं और SIR की प्रक्रिया वर्ष 2025 में शुरू हुई थी। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उसे इस प्रक्रिया से क्या आपत्ति है। विजय शर्मा ने कहा कि SIR में वोट चोरी जैसा कोई मामला नहीं है। भाजपा इसलिए आंकड़ों के साथ सामने आ रही है, क्योंकि कांग्रेस प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों और दूसरे स्थानों पर चले गए लोगों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम होने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि झूठ के सहारे देश नहीं चलाया जा सकता और वह SIR से जुड़े एक-एक बिंदु पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं।

राहुल गांधी की डिबेट चुनौती पर भी दिया जवाब
राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती देने पर विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री से चर्चा करने के लिए संसद मौजूद है। जब भी सदन में चर्चा होती है, राहुल गांधी भाग जाते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में नक्सलवाद और धर्मांतरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के दौरान भी विपक्ष पीछे हटता है। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में हर मुद्दे पर सड़क पर लड़ना उचित नहीं है। सत्ता परिवर्तन सड़कों से नहीं, बल्कि चुनाव के माध्यम से होता है। उन्होंने राहुल गांधी को संसद और लोकतांत्रिक संस्थाओं में चर्चा करने की नसीहत दी।

राजीव गांधी फाउंडेशन और चीन को लेकर उठाए सवाल
भाजपा के पोस्टर को लेकर पूछे गए सवाल पर विजय शर्मा ने राहुल गांधी से राजीव गांधी फाउंडेशन में चीन से कथित फंडिंग को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी चीन जाकर कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं से क्यों मिलते हैं? दूसरे देशों में जाकर भारत को बदनाम करने का काम नहीं करना चाहिए।

SIR के एटम बम वाले बयान पर बोले विजय शर्मा
राहुल गांधी के SIR पर एटम बम फोड़ने वाले बयान पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनसे किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी सुधारने के लिए ही SIR की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इससे पहले भी देश में 10 बार SIR हो चुका है, तब किसी ने इस तरह का विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर BLO से बातचीत की गई है और नामों की स्थिति स्पष्ट है। अगर कहीं कोई गलती हुई है तो उसे सुधारा जा सकता है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया भी उपलब्ध है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 20 लाख लोगों से एक साथ गलती हुई है और क्या सभी लोग किसी राजनीतिक मानसिकता से काम कर रहे थे?

नितिन नबीन के दौरे पर कांग्रेस को दी नसीहत
भाजपा नेता नितिन नबीन के दौरे को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर विजय शर्मा ने प्रियंका गांधी के दौरे का उदाहरण देते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के स्वागत में गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं, उसका गुलकंद बना लिया गया। अब कांग्रेस कुछ भी नया मुद्दा उठाकर टिप्पणी कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गंभीरता से राजनीति करनी चाहिए और अपनी पार्टी के लिए बेहतर काम करना चाहिए।
Next Story