छत्तीसगढ़
छात्राओं को ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में नवाचार के लिए किया प्रेरित
Shantanu Roy
19 Aug 2026 9:33 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी रायपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ ही ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की अवधारणा, उद्देश्य और रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर एवं द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) छत्तीसगढ़ राज्य केंद्र के सहयोग से ट्रैफिक हैकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की रचनात्मक सोच, तकनीकी क्षमता और नए विचारों को यातायात समस्याओं के व्यावहारिक समाधान से जोड़ना है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे “Our City | Our Roads | Our Ideas” की भावना के साथ अपने शहर की यातायात समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए नए एवं उपयोगी सुझाव प्रस्तुत करें। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि हैकाथॉन में यातायात इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन एकीकरण, गैर-मोटर चालित परिवहन और यातायात प्रबंधन में AI/IoT तकनीक के उपयोग जैसे विषयों पर प्रतिभागी अपने विचार साझा कर सकते हैं।
यातायात सुरक्षा के 3E मॉडल की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू ने छात्राओं को यातायात सुरक्षा के 3E मॉडल Education, Engineering और Enforcement के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि Education के तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और प्रशिक्षण देना जरूरी है। Engineering के अंतर्गत सुरक्षित सड़क निर्माण, ब्लैक स्पॉट सुधार, बेहतर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और यातायात सिग्नल व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है। वहीं Enforcement के तहत यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
ट्रैफिक हैकाथॉन में भाग लेने छात्राओं से अपील
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने छात्राओं को ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के साथ-साथ सिविल इंजीनियर, अर्बन प्लानर, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ और जागरूक नागरिकों के लिए भी खुली है। हैकाथॉन में प्रतिभागी एक या एक से अधिक विषयों पर अपने समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए पंजीयन और सबमिशन की प्रक्रिया 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता का फाइनल प्रेजेंटेशन 27 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया के तहत विशेषज्ञ टीम द्वारा प्रतिभागियों के सुझावों का मूल्यांकन किया जाएगा। बेहतर समाधान प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को अंतिम चरण के लिए चयनित किया जाएगा। अंतिम प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा और उन्हें रायपुर कमिश्नरेट की ओर से पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा के जागरूक नागरिक बनाना और शहर की यातायात व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का भागीदार बनाना है। इस जागरूकता कार्यक्रम में दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण सहित करीब 250 छात्राएं और यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tagsरायपुर यातायात पुलिसयातायात जागरूकता कार्यक्रमट्रैफिक हैकाथॉन 2026डीसीपी ट्रैफिक अर्चना झासड़क सुरक्षा अभियानछत्तीसगढ़ पुलिसयातायात प्रबंधनएआई आईओटी समाधानछात्र जागरूकतारायपुर खबरRaipur Traffic PoliceTraffic Awareness ProgramTraffic Hackathon 2026DCP Traffic Archana JhaRoad Safety CampaignChhattisgarh PoliceTraffic ManagementAI-IoT SolutionsStudent AwarenessRaipur News
Next Story





