छत्तीसगढ़

महिला कर्मचारी और उसके पति को दी गालियां, जान से मारने की धमकी

Shantanu Roy
6 July 2025 1:57 PM GMT
महिला कर्मचारी और उसके पति को दी गालियां, जान से मारने की धमकी
x
छग
Raipur. रायपुर। एचबीडीसी टेक्सटाइल कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी को अश्लील गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। यही नहीं, महिला के पति को समझाने गए पर भी आरोपी ने मारपीट और धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर उरला थाना पुलिस ने आरोपी महेन्द्र पाठक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है मामला
पीड़िता माला देवी, निवासी अछोली, भगवती यादव का मकान, थाना उरला, ने पुलिस को बताया कि वह बीते 6 वर्षों से एचबीडीसी टेक्सटाइल कंपनी, उरला में काम कर रही हैं। उसी कंपनी में महेंद्र पाठक नामक व्यक्ति भी पहले कार्यरत था, जिसे करीब दो साल पहले कंपनी से निकाल दिया गया था। पीड़िता के अनुसार, तब से ही महेन्द्र पाठक उसे काम से निकलवाने का जिम्मेदार ठहराता है और लगातार गालियां और धमकियां देता आ रहा है।
गेट के पास किया अभद्र व्यवहार
दिनांक 05 जुलाई 2025 की शाम करीब 6 बजे, जब माला देवी कंपनी से काम करके बाहर निकली, तो गेट के पास महेंद्र पाठक पहले से मौजूद था। उसने महिला को देखकर मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। उसके हाथ में कुछ संदिग्ध वस्तु भी थी। कंपनी के कर्मचारी झा और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसे वहां से भगाया।
पति को भी पीटा, दी धमकी
इसके बाद महिला ने घर जाकर अपने पति चंद्रमोहन मल्ल को पूरी घटना बताई। रात 9 बजे चंद्रमोहन, महेन्द्र पाठक के घर राजेन्द्र नगर गए और उसे समझाने की कोशिश की। लेकिन वहां महेंद्र पाठक ने उन्हें भी गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और धक्का मुक्की कर थप्पड़ मारा। माला देवी ने उरला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महेंद्र पाठक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
Next Story