
बिलासपुर। सिम्स की पार्किंग से महिला डॉक्टर की स्कूटी चोरी हो गई। कोरबा जिले के रामपुर निवासी मानसी मरावी पिता आनंद सिंह मरावी (23) सिम्स में डॉक्टर है। शुक्रवार की रात करीब 9.45 बजे ड्यूटी के लिए सिम्स आई थी। यहां स्कूटी क्रमांक सीजी12 एजे 5669 को पार्किंग में खड़ी कर ड्यूटी कर रही थी। रात 12.45 बजे वापस आकर देखा तो स्कूटी गायब थी। कोई उसे चोरी कर ले गया था। डॉक्टर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हत्या के केस में जमानत पर छूटा, चोरी में हुआ गिरफ्तार
दुकान से चोरी के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले हत्या के आरोप में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। चिंगराजपारा रामनगर निवासी नवीन साहू पिता गया प्रसाद की घर के सामने डेली नीड्स और चाय की दुकान है। 20 जनवरी की रात वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया। अगले दिन सुबह जब वह दुकान गया तो गल्ले से 12 हजार रुपए चोरी हो गए थे। चोर छत के रास्ते से दुकान में घुसा और वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। इसी बीच पता चला कि चिंगराजपारा रामनगर निवासी साहिल गंधर्व (19) अनाप-शनाप पैसे खर्च कर रहा है।
टीआई प्रदीप आर्य ने टीम बनाकर उसकी पतासाजी की। साहिल गंधर्व अपने घर में ही मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार किया। वह दुकान के पास ही रहता है। छत के रास्ते से दुकान में घुसकर उसने चोरी की थी। उसके कब्जे से 9,100 रुपए बरामद हुए, जबकि बाकी रकम वह खर्च कर चुका था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साहिल गंधर्व पर हत्या का आरोप है और वह जेल से जमानत पर बाहर आया था।





