छत्तीसगढ़

गुटखा खाकर थूकने से मना किया तो भड़का ससुर, बहू पर धारदार हथियार से हमला

SHIDDHANT
16 Aug 2026 7:43 PM IST
गुटखा खाकर थूकने से मना किया तो भड़का ससुर, बहू पर धारदार हथियार से हमला
x
छग
Bemetara बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में घर में गुटखा खाकर जगह-जगह थूकने से मना करने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि 65 वर्षीय ससुर ने गुस्से में अपनी बहू पर धारदार वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के पेट के पास और हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा ले जाया गया। मामले में चंदनू थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मुकेश घृतलहरे ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 14 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह खलेश्वर पाटले के साथ अपने घर के सामने जैतखाम के पास बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गोविंद घृतलहरे के घर से विवाद और झगड़े की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर दोनों घर के अंदर पहुंचे।
शिकायत के अनुसार घर में ताजेश्वरी घृतलहरे अपने ससुर गोविंद घृतलहरे को जगह-जगह थूकने से मना कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गोविंद ने बहू के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखी सब्जी काटने की धारदार वस्तु से हमला कर दिया। ताजेश्वरी ने हमले से खुद को बचाने की कोशिश की। इस दौरान उनके हाथ की उंगली में भी चोट लगी। इसी बीच परिवार की एक महिला सदस्य वहां पहुंची और आरोपी को पकड़कर हमले को रोकने का प्रयास किया। घटना में ताजेश्वरी के बाएं पेट के ऊपरी हिस्से में पसली के पास और दाहिने हाथ की उंगली में गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।
घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोविंद घृतलहरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम देवरी निवासी 65 वर्षीय गोविंद घृतलहरे को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कथित धारदार वस्तु और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय आरोपी घर की परछी में बैठा था। बहू पूजा उर्फ ताजेश्वरी ने उसे गुटखा खाकर जगह-जगह थूकने से मना किया था। इसी बात पर वह कथित रूप से आवेश में आ गया और किचन में रखी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। वारदात के बाद हथियार को घर की परछी में छिपाने का आरोप है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
Next Story