ससुर और देवर ने की महिला की पिटाई, बेटे के अंतिम संस्कार में पहुंची थी पीड़िता
![ससुर और देवर ने की महिला की पिटाई, बेटे के अंतिम संस्कार में पहुंची थी पीड़िता ससुर और देवर ने की महिला की पिटाई, बेटे के अंतिम संस्कार में पहुंची थी पीड़िता](https://jantaserishta.com/h-upload/2021/09/12/1293157-bilaspur.webp)
बिलासपुर। अपने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आई महिला की देवर और उसके बेटों ने पिटाई कर दी। मारपीट से आहत महिला ने इसकी शिकायत तोरवा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। तिफरा मंडल में रहने वाली सकुन साहू ने अपने देवर और उसके बेटों के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है। पीड़ित महिला ने अताया कि उनके पति तुलाराम का छह साल पहले निधन हो गया है। इसके बाद वह अपने ससुराल को छोड़कर तिफरा में रहती है। तिफरा के बिजली आफिस में सफाई का काम कर अपना गुजारा करती है। शुक्रवार की सुबह 10 बजे उनकी बहू विमला ने फोन कर बताया कि उनके बेटे संजय का सिम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया है। इस पर महिला अपने बेटे के अंतिम संस्कार में शामिल होने आ गई। शाम चार बजे उनके बेटे का शव अस्पताल से घर लाया गया।
इसी दौरान उनके देवर ससन साहू और देवर का बेटा छोटू साहू, बसंत साहू, ससुर अर्जुन साहू ने महिला से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर देवर, उसका बेटा और ससुर ने मिलकर महिला की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट के बीच महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागी। इसके बाद उसने तोरवा थाने में पहुंचकर घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।