छत्तीसगढ़

रायपुर में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह, 184 से अधिक किसानों ने घर बैठे बुक किए टोकन

Shubhra Nandy
12 Nov 2026 7:35 AM IST
रायपुर में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह, 184 से अधिक किसानों ने घर बैठे बुक किए टोकन
x
खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ी
रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है। धान खरीदी को लेकर रायपुर जिले के किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए शुरू किए गए ‘तुंहर टोकन’ ऐप का लाभ उठाते हुए जिले के किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन बुक करा रहे हैं।
जिले में टोकन जारी होने की प्रक्रिया प्रारंभ होने से अब तक 184 से अधिक किसानों ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से 719.40 क्विंटल से अधिक धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त किए हैं। इन किसानों ने जिले के 72 धान उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज बेचने के लिए टोकन बुक कराया है।
घर बैठे मोबाइल से मिल रहा टोकन
राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए शुरू की गई ‘तुंहर टोकन’ ऐप की व्यवस्था से धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक बन रही है। किसानों को अब धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त करने हेतु उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। किसान अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे ही अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन टोकन बुक कर पा रहे हैं। इस व्यवस्था से किसानों के समय और आवागमन में होने वाले खर्च की बचत हो रही है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
160 धान खरीदी केंद्रों में तैयारियां अंतिम चरण में
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत रायपुर जिले में धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले के कुल 160 धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्रों में आने वाले किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
21 नए धान उपार्जन केंद्रों से किसानों को मिलेगी सुविधा
रायपुर जिले में किसानों को धान विक्रय के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष 21 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के प्रारंभ होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। नए धान खरीदी केंद्रों की स्थापना से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलने के साथ ही परिवहन में लगने वाले समय और खर्च की भी बचत होगी।
धरसींवा में दो और आरंग में नौ नए खरीदी केंद्र
धरसींवा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पवनी एवं परसतराई में नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। वहीं आरंग विकासखंड के अंतर्गत मालीडीह, अकोलीकला, अमेठी, समोदा, बोहरडीह, बनरसी, चरोदा, तोड़गांव एवं मुनगी में नवीन धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय में सुविधा मिलेगी।
अभनपुर और तिल्दा में भी बढ़ी खरीदी केंद्रों की संख्या
अभनपुर विकासखंड के अंतर्गत बकतरा, भरेंगा, हसदा एवं उमरपोटी में चार नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इसी प्रकार तिल्दा विकासखंड के अंतर्गत भुरसुदा, भूमिया, तुलसी, मोहगांव, भहड़ा एवं खपरीडीहखुर्द में छह नवीन धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इन नए केंद्रों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही धान परिवहन में लगने वाले समय और खर्च की बचत होगी।
1 लाख 39 हजार 854 किसानों का हुआ पंजीयन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए कुल 1 लाख 39 हजार 854 किसानों का पंजीयन किया गया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 1 लाख 29 हजार 121 हेक्टेयर है। जिला प्रशासन द्वारा सभी पंजीकृत किसानों को सुगम एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इसके लिए रायपुर जिले के 160 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। जिले में एक ओर किसानों को ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन बुक करने की सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर 21 नए धान उपार्जन केंद्रों की स्थापना से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने तथा किसानों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
Next Story