
x
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़। थाना नगरनार पुलिस ने एक अशिक्षित किसान के साथ बैंक लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी ने किसान के नाम पर स्वीकृत 10 लाख रुपये के केसीसी लोन में से 8.50 लाख रुपये की राशि का गबन कर लिया था। प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी गणपति बघेल, निवासी ग्राम कुरंदी जामगुड़ा पारा, को बैल खरीदने के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात लकी सेठिया से हुई, जिसने बैंक मैनेजर से पहचान होने का झांसा देकर लोन दिलाने की बात कही।
आरोपी ने 8 सितंबर 2023 को प्रार्थी के आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन पट्टा लेकर आईसीआईसीआई बैंक, जगदलपुर में खाता खुलवाया। इसके बाद उसने चालाकी से अपना मोबाइल नंबर प्रार्थी के बैंक खाते से लिंक करवा लिया और उसी आधार पर 10 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत करवा लिया। आरोपी ने किसान को बताया कि केवल 1.50 लाख रुपये का लोन पास हुआ है और उसे 1 लाख तथा 50 हजार रुपये नकद दिलवाए। बाद में बैंक नोटिस मिलने पर किसान को पता चला कि उसके नाम पर 10 लाख रुपये का लोन लिया गया है, जिससे उसकी जमीन नीलामी की स्थिति में पहुंच गई।
मामले की शिकायत पर थाना नगरनार में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी लकी सेठिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने शेष 8.50 लाख रुपये फोन-पे और चेकबुक के माध्यम से निकालने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और बैंक एटीएम कार्ड भी जब्त किया है और आगे की जांच जारी है।
Next Story





