
जगदलपुर। 19 साल के युवक ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं अब पुलिस सुसाइड के कारणों का पता लगाने जुटी है। घटना परपा थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान आयुष राव के रूप में हुई है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक घर के अंदर फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, युवक में उस समय हल्की सांसें चल रही थीं। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शुरुआती जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के समय आयुष घर में अकेला था। उसके माता-पिता इलाज के सिलसिले में विशाखापट्टनम गए हुए थे। सुबह हाउस मेड घर पहुंची थी और उसने युवक को देखा था। उसके जाने के बाद यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
जगदलपुर CSP सुमित कुमार ने बताया कि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।





