छत्तीसगढ़

सुपेला अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों का हंगामा, शव के हालात पर उठाए सवाल

Shantanu Roy
15 March 2025 8:10 PM IST
सुपेला अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों का हंगामा, शव के हालात पर उठाए सवाल
x
छग
Bhilai. भिलाई। सुपेला अस्पताल की मोर्चरी में शनिवार, 15 मार्च की दोपहर पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि शव को सही हालत में मोर्चरी में रखा गया था, लेकिन 24 घंटे बाद निकालने पर वह काला पड़ चुका था। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शव को गलत तरीके से फ्रीजर में रखा गया, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई। इस घटना से अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने कहा कि शव को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत ही मोर्चरी में रखा गया था। हालांकि, परिजनों की शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, ड्यूटी डॉक्टर ने शव का पोस्टमार्टम किया और कहा कि शरीर ठंडा था और फ्रीजर में कोई खराबी नहीं थी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. पीएम सिंह का कहना है कि कई बार ड्रग या जहर आदि का सेवन करने के चलते बॉडी काली पड़ जाती है। इस मामले में भी शव के कुछ सैंपल लेकर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही शरीर के काले पड़ने के सही कारण का पता चल सकेगा। सतनाम के बड़े भाई गोविंद सिंह ने बताया कि सतनाम भिलाई नगर पालिक निगम की वाहन शाखा में मैकेनिक के पद पर कार्यरत था। करीब एक साल पहले अधिकारी शशिकांत साहू ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। सतनाम ने नौकरी पर वापस लौटने की काफी कोशिश की, लेकिन उसे दोबारा काम नहीं मिला। एक साल से बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान था, जिसके चलते उसने फांसी लगाकर खुदकुशी की है।
Next Story