छत्तीसगढ़
तीजा मनाने गया था परिवार, सूने घर में चोरों ने बोला धावा
Shantanu Roy
15 Sept 2026 4:43 PM IST

x
छग
Korba. कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। रामपुर शराब दुकान के सामने स्थित बस्ती में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार तीजा पर्व मनाने रिश्तेदार के घर गया हुआ था, जबकि परिवार का बेटा नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर था। वारदात के दौरान किसी को भनक न लगे, इसके लिए चोरों ने आसपास के कुछ घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे।
जानकारी के अनुसार कौशिल्या बरेठ के मकान में उनकी मां, बेटा और बेटी रहते हैं। तीजा पर्व के चलते कौशिल्या अपनी बेटी आरती बरेठ के साथ अपनी बहन के घर गई थीं। परिवार का बेटा रात में ड्यूटी पर चला गया था। इसके कारण मकान रात के समय खाली था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ली। कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा गया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली गई। बेड के अंदर रखे सामान को भी खंगाला गया।
चोरों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान आसपास रहने वाले लोगों को बाहर निकलने से रोकने के लिए कथित तौर पर उनके घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। सुबह जब पड़ोसी उठे और बाहर निकलने की कोशिश की तो उन्हें दरवाजे बाहर से बंद मिले। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला। परिवार का बेटा नाइट शिफ्ट खत्म कर सुबह घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। घर के अंदर पहुंचने पर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और अन्य जगहों का सामान अस्त-व्यस्त मिलने के बाद परिवार को चोरी का पता चला।
घटनास्थल के पास ही गणेश उत्सव का पंडाल भी लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस घर में चोरी हुई, वह पंडाल से महज करीब 10 कदम की दूरी पर है। घटना वाली रात लोग देर तक पंडाल में पूजा-पाठ और अन्य गतिविधियों में मौजूद थे। इसके बावजूद चोर सूने मकान में घुसकर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान आरोपियों ने घर के भीतर गुटखा खाकर गंदगी भी फैलाई। घर में सामान बिखरा हुआ मिलने के साथ कई जगहों को खंगालने के निशान भी मिले हैं। चोरी गए जेवर और नगदी की कुल कीमत की स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी सुराग मिलने की संभावना है, हालांकि पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
Next Story





