छत्तीसगढ़

फर्जी पुलिसकर्मी जेवरात लेकर फरार

Nilmani Pal
1 Feb 2025 1:28 PM IST
फर्जी पुलिसकर्मी जेवरात लेकर फरार
x
ब्रेकिंग

बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र के मंगला चौक के पास ठगों ने कार वर्कशॉप के मैनेजर को पुलिसकर्मी बनकर चकमा दिया और उनके सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने जांच के नाम पर अंगूठी और चेन ली और नकली जेवर लौटाकर मौके से भाग निकले।

पीडि़त भुनेश्वर कुमार सूर्यवंशी मंगला शिक्षक कॉलोनी के निवासी हैं। वे एक कार वर्कशॉप में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार, 30 जनवरी को जब वे अपने घर भोजन के लिए जा रहे थे, तभी दोपहर करीब 2.30 बजे मॉल के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने झांसा दिया कि आगे मर्डर हुआ है और सुरक्षा के लिहाज से उन्हें अपने सोने के गहने जेब में रख लेने चाहिए। इसी बहाने उन्होंने मैनेजर से अंगूठी और चेन उतरवाई और बहाना बनाकर जांच के लिए ‘साहब’ को दिखाने की बात कही। इसके बाद युवकों ने जेवर लेकर एक कागज में लपेटकर उन्हें लौटा दिया और आश्वस्त करने के लिए उनके साथ घर तक चलने की बात कही।

जब मैनेजर ने कुछ दूरी पर जाकर पीछे मुडक़र देखा, तो दोनों युवक गायब थे। अनहोनी की आशंका में उन्होंने जेवरों की जांच की, तो वे नकली निकले। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Next Story