छत्तीसगढ़

फर्जी जेल अफसर ने की महिला से ठगी, उसके पति को जेल से निकालने दिया झांसा

Nil dhankar
29 Oct 2022 8:45 AM IST
फर्जी जेल अफसर ने की महिला से ठगी, उसके पति को जेल से निकालने दिया झांसा
x

बिलासपुर। ससुर की हत्या के आरोप में जेल में बंद युवक की जमानत कराने के नाम पर उसकी पत्नी से 1 लाख 86 हजार रुपए ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी की पत्नी जब जेल में अपने पति से मिलने जाती थी, तब उसकी पहचान कथित जेल अफसर से हुई थी। उसने अपने आप को जेल का अधिकारी बताकर उसके पति की जमानत करने के नाम पर पैसे वसूल लिए। धोखाधड़ी करने के बाद से कथित जेल अफसर गायब है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द बरखदान की रहने वाली प्रियंका सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका पति दीपक सोनी हत्या के केस में जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती जेल में बंद है। दीपक पर अपने ससुर की हत्या करने का आरोप है। महिला बीच-बीच में अपने पति से मिलने जेल जाती है। करीब सात माह पहले योगेश खूंटे से जेल में महिला का परिचय हुआ था।

महिला ने बताया कि योगेश खूंटे पामगढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। वह अपने आप को जेल का अधिकारी बताता था। वह जेल में ही उससे मिलता था। करीब सात माह पहले उसने महिला को मोबाइल पर कॉल किया और उसके पति की जमानत कराने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान उसने महिला के पति की केस हिस्ट्री भी बताई, जिससे महिला उसके झांसे में आ गई। इसी दौरान योगेश खूंटे ने महिला को फोन किया और बताया कि वह ऑफिस काम से बिलासपुर आया है। वह महिला से मिला और 50 हजार रुपए की मांग करने लगा। महिला ने 15 दिन के भीतर रुपयों की व्यवस्था की और 50 हजार रुपए दे दिए। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


Next Story