छत्तीसगढ़
रायपुर में फर्जी बाबा गिरफ्तार, मौत का डर दिखाकर की थी 15 लाख की ठगी
Shantanu Roy
29 Oct 2026 9:15 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साधु-बाबा बनकर बीमारी और घरेलू परेशानियों का समाधान करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गंज थाना पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही विधि से संघर्षरत एक बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के बहाने एक महिला को अपने विश्वास में लेकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन सहित करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
बीमारी दूर करने के नाम पर महिला को फंसाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार ने गंज थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने जसवंत की पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में कुछ ऐसी बातें बताईं, जिनसे महिला को उन पर विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पूजा-पाठ के जरिए समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया और पहली बार महिला से सोने की अंगूठी तथा नकदी ले ली।
बार-बार घर आकर ले गए सोने-चांदी के जेवर
पुलिस के मुताबिक, पहली बार आभूषण लेने के लगभग 10 से 12 दिन बाद आरोपी दोबारा महिला के घर पहुंचे। इस बार उन्होंने पूजा करने के बाद पहले लिए गए जेवरात वापस करने का आश्वासन दिया। इसी बहाने महिला से सोने की चेन और अन्य सोने-चांदी के आभूषण भी ले लिए। आरोपी लगातार धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर महिला से जेवरात और नकदी लेते रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूजा पूरी होने के बाद सभी सामान वापस कर दिए जाएंगे।
परिवार के सदस्यों की मौत का डर दिखाकर रखा चुप
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने पूजा-पाठ और जेवरात देने की बात किसी को बताई तो परिवार के सदस्यों के साथ अनिष्ट हो सकता है। इसी डर के कारण महिला लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। 7 सितंबर 2026 से आरोपी लगातार फोन करके अतिरिक्त जेवरात और नकदी की मांग करने लगे। इसके बाद महिला को ठगी का संदेह हुआ। जब आरोपियों ने न तो कोई पूजा कराई और न ही जेवरात लौटाए, तब पूरी घटना सामने आई।
गंज थाने में 15 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पीड़ित महिला के पति जसवंत परमार की शिकायत पर गंज पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 283/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मोबाइल नंबरों की जांच से ग्वालियर पहुंची पुलिस
गंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित और उसकी पत्नी से विस्तृत पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों द्वारा संपर्क के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू और विधि से संघर्षरत एक बालक की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
तीन लाख के जेवर और मोबाइल जब्त
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी गुरुदयाल सिंह ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22 वर्ष), पिता भरत सिंह, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
Next Story





