छत्तीसगढ़
होटल में चाकू दिखाकर रंगदारी और तोड़फोड़, फरार आरोपी गिरफ्तार
Shantanu Roy
3 Oct 2026 8:22 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले के चिचोला क्षेत्र में होटल संचालक से कथित तौर पर चाकू दिखाकर रंगदारी मांगने, गाली-गलौज और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार क्रमांक CG 08 BC 5595 को भी जब्त किया है। मामले में इससे पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, लालबहादुर नगर निवासी नीरज कुमार पटेल ने 18 सितंबर को पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि सात लोग उनकी होटल में पहुंचे और कथित तौर पर चाकू दिखाकर 800 रुपये की मांग करने लगे।
आरोप है कि होटल संचालक द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए होटल में तोड़फोड़ की गई। अचानक हुई घटना के बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चिचोला चौकी प्रभारी मुकेश्वर ध्रुव के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने घटना के अगले दिन 19 सितंबर को कार्रवाई करते हुए मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें केशव साहू, पूरन साहू, विनोद नंदेश्वर और आकाश यादव शामिल थे। चारों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था।
हालांकि घटना के बाद तीन आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान फरार आरोपियों में शामिल सचिन वर्मा के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने उसकी तलाश तेज की और 2 अक्टूबर 2026 को उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सचिन वर्मा की उम्र 23 वर्ष है और वह इंदिरा नगर, डोंगरगढ़ का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उससे मामले के संबंध में पूछताछ की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार क्रमांक CG 08 BC 5595 को भी जब्त किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करने के साथ फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं कैलाश यादव और मोनु नाम के दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। चिचोला पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





