छत्तीसगढ़
जिला बदर आरोपी ने फिर की मारपीट, शराब के लिए पैसे न देने पर धमकाया, गिरफ्तार
Shantanu Roy
6 Oct 2026 7:28 PM IST

x
छग
Balod. बालोद। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र में पूर्व में जिला बदर किए गए एक आरोपी द्वारा फिर से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवराज तम्बोली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और रकम देने से इनकार करने पर युवक के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर 2026 को रजिस्ट्री कार्यालय गुण्डरदेही के सामने हुई। प्रार्थी वेदप्रकाश सोनकर अपने साथी तामेश्वर कुमार सोनकर के साथ रजिस्ट्री संबंधी कार्य से कार्यालय गया था। काम पूरा होने के बाद दोनों कार्यालय के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गुण्डरदेही निवासी युवराज तम्बोली वहां पहुंचा और वेदप्रकाश से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कई बार पैसे की मांग की। वेदप्रकाश ने जब पैसे देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवराज तम्बोली ने वेदप्रकाश के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। मारपीट में वेदप्रकाश के दाहिने गाल और पीठ में चोट आई। घटना के बाद पीड़ित ने गुण्डरदेही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1) और 223 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और गवाहों से जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य और गवाहों के कथन मिलने के बाद आरोपी युवराज तम्बोली, पिता स्वर्गीय अशोक तम्बोली, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12 गुण्डरदेही को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के मामले सामने आ चुके हैं। इसी कारण सितंबर 2026 में उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद आरोपी के दोबारा मारपीट और धमकी से जुड़े मामले में शामिल होने की बात सामने आई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक अरविंद साहू, आरक्षक यशवंत देशमुख और आरक्षक पंकज तारम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गुण्डरदेही पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story





