छत्तीसगढ़

शिक्षा का विस्तार: मझारपारा पालनार में नए स्कूल भवन की शुरुआत

Shantanu Roy
11 March 2026 9:41 PM IST
शिक्षा का विस्तार: मझारपारा पालनार में नए स्कूल भवन की शुरुआत
x
छग
Bijapur. बीजापुर। बीजापुर विकासखंड के सुदूर क्षेत्र नियद नेल्लानार गांव पालनार में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। शासकीय प्राथमिक शाला मझारपारा, पालनार के नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत उद्घाटन ग्राम सरपंच मालती ताती एवं वार्ड पंच सुमित ताती के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीजापुर नागेश्वर निषाद, बीआरसी राजेश मिश्रा, सब इंजीनियर शैलेश वासम, प्रधानाध्यापक राजू पुजारी, विद्यालय के शिक्षक- कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। नवीन विद्यालय भवन के निर्माण से अब विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई में और अधिक रुचि बढ़ेगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

नियद नेल्लानार योजना से बदल रही सुदूर अंचलों की तस्वीर- छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से अंदरूनी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्यए बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जिन इलाकों में कभी माओवाद के कारण शासकीय योजनाओं का विस्तार कठिन था वहां अब विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। जिले में शासन की इन महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कलेक्टर संबित मिश्रा के कुशल नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। नए विद्यालय भवन को देखकर बच्चों में खासा उत्साह नजर आया और पूरे गांव में खुशी का माहौल रहा। यह पहल सुदूर अंचल में शिक्षा की मजबूत नींव रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Next Story