भारत

अघोरी बाबा बनकर ज्वैलरी शॉप में घुसा, व्यापारी से सोना-नकदी लेकर फरार

jantaserishta.com
24 Sept 2026 12:01 PM IST
अघोरी बाबा बनकर ज्वैलरी शॉप में घुसा, व्यापारी से सोना-नकदी लेकर फरार
x
CCTV वीडियो सामने आया.
झांसी: झांसी के मऊरानीपुर का सर्राफा बाजार... बुधवार दोपहर का वक्त था... रोज की तरह चहल-पहल थी. इसी दौरान एक शख्स एमजी ज्वैलर्स नाम की दुकान में पहुंचा. बाबा की वेशभूषा, गले में माला और माथे पर रंग-राख जैसी सज्जा. पहली नजर में वह किसी अघोरी बाबा जैसा नजर आ रहा था. इसके बाद दुकान के अंदर जो हुआ, उसका एक हिस्सा CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया.
फुटेज में साधु के भेष में नजर आ रहा व्यक्ति दुकान के काउंटर के सामने व्यापारी से बातचीत करता दिखाई देता है. वह काफी देर तक दुकान के अंदर मौजूद रहा. हाथों से इशारे करता रहा और व्यापारी से बातचीत करता रहा. कुछ देर बाद वह दुकान से बाहर निकल गया. लेकिन उसके जाने के बाद दुकानदार को कथित तौर पर एहसास हुआ कि दुकान से सोना और नकदी कम है.
दुकानदार संतोष रैकवार के मुताबिक घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है. उनका कहना है कि अघोरी बाबा के भेष में आया व्यक्ति पायल दिखाने की बात कहकर दुकान में आया था. इसके बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ. संतोष का आरोप है कि उस व्यक्ति ने उसे इस तरह अपनी बातों में उलझाया कि वह उसके कहे के मुताबिक काम करता चला गया. दुकानदार के मुताबिक उसने खुद उस व्यक्ति को करीब 10 ग्राम सोना और 50 हजार रुपये की गड्डी दी थी.
आरोप है कि अघोरी के भेष में आए व्यक्ति ने उस रकम में से करीब 17 हजार रुपये निकाल लिए और बाकी रकम वापस कर दी. इसके बाद वह दुकान से निकल गया. व्यापारी का कहना है कि शख्स के जाने के बाद उसे पूरे घटनाक्रम का एहसास हुआ. इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि करीब 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है. हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही चोरी गए सामान और नकदी की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी.
इस मामले में सामने आए CCTV फुटेज ने पुलिस की जांच को अहम सुराग दिया है. फुटेज में अघोरी के भेष में एक व्यक्ति दुकान के काउंटर के सामने बैठा या खड़ा दिखाई देता है. वह दुकानदार से बातचीत करता नजर आ रहा है. फुटेज में उसके कपड़े, माला और माथे पर लगी राख जैसी सज्जा साफ दिखाई देती है.
वह लगातार हाथों से इशारे करता हुआ भी नजर आता है. कुछ देर बाद वह काउंटर की तरफ हाथ बढ़ाता है और फिर दुकान से बाहर निकल जाता है. व्यापारियों के मुताबिक, दुकान से निकलने के बाद वह सौरभ स्वीट हाउस के पास पहुंचा और वहां से रिक्शे में बैठकर चला गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद सर्राफा बाजार के व्यापारी भी मौके पर पहुंचे. सर्राफा बाजार के पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी ने बताया कि घटना करीब 12 से सवा 12 बजे के बीच की है. अनिल सोनी के मुताबिक, अघोरी के भेष में आया व्यक्ति व्यापारी को अपनी बातों में उलझाकर सोना और नकदी लेकर चला गया. उन्होंने बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस से सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
इस मामले में चर्चा व्यापारी के उस दावे की भी है, जिसमें उसने कहा कि उसे जैसे कुछ देर के लिए समझ ही नहीं आया कि उसके साथ क्या हो रहा है. व्यापारी ने इसे सम्मोहन से जोड़ते हुए पुलिस को अपनी बात बताई. लेकिन पुलिस इस दावे को नहीं मान रही है. मऊरानीपुर के सीओ रत्नेश्वर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सम्मोहन जैसी कोई बात सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि अघोरी के भेष में आए व्यक्ति ने व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और इसी दौरान व्यापारी से रुपए और सामान ले लिया.
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि अघोरी के भेष में दिखाई दे रहे व्यक्ति पर दूसरे स्थानों पर भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल होने का संदेह है. हालांकि इन घटनाओं में उसकी भूमिका और उनका आपस में संबंध जांच का विषय है.
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अकेला था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था. मऊरानीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज, व्यापारी के बयान और दूसरे उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story