छत्तीसगढ़

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें: सीईओ

Shantanu Roy
12 Sept 2026 11:00 PM IST
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें: सीईओ
x
छग
सूरजपुर। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ एवं ओआईसी हेल्थ विजेंद्र सिंह पाटले की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सर्वप्रथम आधार आधारित उपस्थिति की समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शत-प्रतिशत आधार अटेंडेंस दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि आधार अटेंडेंस दर्ज नहीं करने वाले कर्मचारियों के आगामी माह के वेतन के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
जिला पंचायत सीईओ पाटले ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी दिनों में जिले के प्रत्येक विकासखंड में हेल्थ कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए । इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार के साथ आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदन कार्ड बनाए एवं वितरित किए जाएंगे। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं आधार लिंकिंग का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहंुचाना सुनिश्चित करें।
जिला पंचायत सीईओ ने संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए कम संस्थागत प्रसव वाले स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रभारियों को संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान मातृ मृत्यु के प्रकरणों की डेथ ऑडिट रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने 60 वर्ष से अधिक आयु की मितानिनों के कार्य एवं अनुभव को ध्यान में रखते हुए उनके लिए प्रशिक्षण आयोजित करने तथा कार्य की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में पर्याप्त मात्रा में आरडी किट उपलब्ध रखने तथा संदिग्ध मरीजों को स्वास्थ्य संस्थाओं में बुलाकर मलेरिया की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए ।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं का गर्भावस्था के प्रथम तीन माह के भीतर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य रूप से पंजीयन कर उन्हें समय पर आवश्यक जांच, उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होने सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच एवं फोर्थ एएनसी पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। शिशु मृत्यु एवं नवजात शिशुओं की देखभाल से संबंधित सेवाओं की समीक्षा करते हुए जोखिम वाले नवजात एवं शिशुओं की समय पर पहचान, उपचार एवं आवश्यकतानुसार रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को केवल चिकित्सकीय आवश्यकता एवं स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर ही उच्च स्वास्थ्य संस्था में रेफर करें।
Next Story