छत्तीसगढ़

युवोदय अकादमी में प्रख्यात खगोल वैज्ञानिक डाॅ. प्रज्वल शास्त्री ने 'अंतरिक्ष के अजुबे' विषय पर दिया प्रेरणास्पद व्याख्यान

Nilmani Pal
27 Oct 2021 1:00 PM GMT
युवोदय अकादमी में प्रख्यात खगोल वैज्ञानिक डाॅ. प्रज्वल शास्त्री ने अंतरिक्ष के अजुबे विषय पर दिया प्रेरणास्पद व्याख्यान
x

जगदलपुर। लाला जगदलपुरी माॅर्डन लाइब्रेरी परिसर जगदलपुर में स्थापित युवोदय अकादमी में मंगलवार 26 अक्टूबर को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स के प्रख्यात खगोल वैज्ञानिक डॉक्टर प्रज्वल शास्त्री ने 'अंतरिक्ष के अजुबे' विषय पर अपना महत्वपूर्ण एवं प्रेरणास्पद व्याख्यान दिया। उल्लेखनीय है कि देश के प्रख्यात खगोल वैज्ञानिक डाॅ. शास्त्री ने ब्लैक होल एवं एस्ट्रोफिजिक्स अनेक विषय पर महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इस अवसर पर डाॅ. शास्त्री ने अंतरिक्ष के अनेक रहस्य एवं गैलीलियों से लेकर आज वर्तमान तक के अंतरिक्ष में ग्रहों एवं विभिन्न घटनाओं के संबंध में छात्रों के साथ परिचर्चा की और बच्चों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने सौर मंडल, ब्रहमांड, आकाशगंगा, धूमकेतु शुक्र ग्रह एवं विभिन्न वैज्ञानिक तथ्यों के बारे में भी बहुत सारी रोचक जानकारियां दी।

इस दौरान विभिन्न विद्यालय के बच्चों ने डाॅ. शास्त्री से 'प्रकाश प्रदूषण को कैसे कम किया जा सकता है' जैसे कई प्रश्न भी पूछे। जिसका उन्होंने परिचर्चा के माध्यम से बहुत ही रोचक एवं सारगर्भित ढंग से उत्तर दिया। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को एस्ट्रोफिजिक्स के क्षेत्र में कैरियर बनाने का सुझाव भी दिया। इस दौरान बच्चे अपने बीच देश के प्रख्यात वैज्ञानिक को पाकर अभिभूत हुए। विद्यार्थियों ने कहा कि डाॅ़ शास्त्री से मिलकर हमें एक नई ऊर्जा मिली तथा देश के प्रख्यात वैज्ञानिक से प्रत्यक्ष प्रश्न पूछने का मौका भी मिला। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री रजत बंसल के द्वारा युवोदय अकादमी की शुरुआत की गई है। जिसमें निरंतर विज्ञान से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित हो रही है। इस अवसर पर युवोदय के प्रभारी श्री अलेक्जेंडर चेरियन एवं अधिकारी-कर्मचारी तथा युवोदय के वालंटियर्स एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Next Story