हाथी ने युवक को कुचला, मुआवजा राशि की मांग में चक्काजाम

सूरजपुर। जिले के कल्याणपुर में एक दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। हाथी के हमले में एक युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। जिससे इलाके में घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दरअसल, बीते बुधवार देर शाम कोटबहरा निवासी केशव राम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना एक हाथी से हो गया। हाथी ने युवक पर हमला कर उसे बुरी तरह पटक-पटक कर मार डाला। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीण मृतक परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे। कई घंटों तक प्रशासन की समझाइश के बावजूद जब प्रदर्शन खत्म नहीं हुआ, तब मौके पर एसडीएम शिवानी जायसवाल पहुंचीं और स्थिति को संभाला।





