छत्तीसगढ़

ग्रामीण पर हाथी ने किया हमला, हालात गंभीर

Shantanu Roy
4 Sept 2021 5:11 PM IST
ग्रामीण पर हाथी ने किया हमला, हालात गंभीर
x

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रायगढ़। रायगढ़ जिले के वन मंडल धरमजयगढ़ अंतर्गत आने वाले ग्राम क्रोन्धा जंगल में बीती रात एक ग्रामीण हाथी के हमले में गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण को एम्बुलेंस की मदद से धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी हालत गम्भीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रायगढ़ भेज दिया है।

इस संबंध में मिली जानकारी मुताबिक हाथी के हमले से घायल हुए युवक का नाम शेखर राठिया है, जो कि खाना खाने के बाद लघुशंका करने खेत के ही पास में गया था , इसी दरमियान उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने अपने पैर से युवक के सीने पर कुचलने का प्रयास किया।
वहीं नजदीक में गांव के और भी कुछ लोग खाना खा रहे थे, उन्होंने युवक की चीख पुकार सुनकर तुरंत मौके पर दौड़ कर पहुंचे और हाथी को वहां से किसी तरह खदेड़ा। इसके बाद एम्बुलेंस से घायल युवक को धरमजयगढ़ के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रायगढ़ भेज दिया गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक हाथी के हमले में घायल युवक के सीने में अंदरूनी चोटें आई है। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में दस हजार रुपये की आर्थिक मदद घायल व्यक्ति के परिजनों को दी गई।
यह घटना क्रोन्धा के पडऱीपानी में घटित हुई, वहीं बीट गार्ड आज सुबह से ही अपने कार्यस्थल पर नहीं देखा गया था। जब बीट गार्ड के बारे में पता किया गया, तो उसके हड़ताल में जाने की बात सामने आई। बहरहाल हाथी द्वारा किए गए इस हमले के बाद घायल युवक के परिजनों सहित ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है।
Next Story