छत्तीसगढ़

महिला इंजीनियर के साथ बिजली चोरों ने की दबंगई, हुई FIR

Nilmani Pal
4 May 2025 12:45 PM IST
महिला इंजीनियर के साथ बिजली चोरों ने की दबंगई, हुई FIR
x
छग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ग्राम कंचनडीह में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची कोटमीकला बिजली विभाग की महिला जूनियर इंजीनियर मीना कंवर के साथ की गई अभद्रता के मामले में आखिरकार दो महीने बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। यह घटना 7 फरवरी 2025 की है, जिसकी शिकायत तत्काल की गई थी, लेकिन कार्रवाई अब हुई।

मीना कंवर उस दिन अपनी टीम के साथ गांव में बकाया बिजली बिल की वसूली और अवैध कनेक्शन की जांच कर रही थीं। जांच के दौरान जब वे उपभोक्ता लेख राम राठौर और माखन राठौर के घर पहुंचीं, तो पाया गया कि तीन फेज लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर बिजली चोरी की जा रही है। इसके साथ ही भैंसों के बाड़े के लिए भी एक अलग अवैध कनेक्शन लिया गया था।

जब मीना कंवर ने इस अनियमितता पर सवाल उठाया, तो गांव के दौलत राठौर ने न सिर्फ उनसे बदसलूकी की बल्कि गाली-गलौज करते हुए धमकियां भी दीं। उसने कहा कि तू कौन अधिकारी है जो मेरी लाइन काटेगी? मेरी पहुंच बड़े मंत्रियों तक है, तेरी नौकरी कल तक नहीं रहेगी। घटना के बाद मीना कंवर ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अब लगभग दो महीने बाद पुलिस ने आरोपी दौलत राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 221, 296 और 351(3)-के तहत केस दर्ज कर लिया है।

Next Story