छत्तीसगढ़

ड्रामेबाज युवक के लिए बंद करनी पड़ी बिजली, चढ़ा था 50 फीट ऊंची हाईटेंशन टॉवर पर

Nil dhankar
15 Aug 2023 12:28 PM IST
ड्रामेबाज युवक के लिए बंद करनी पड़ी बिजली, चढ़ा था 50 फीट ऊंची हाईटेंशन टॉवर पर
x
छग

बिलासपुर। बिलासपुर में एक युवक 50 फीट ऊंची हाईटेंशन ट्रांसमिशन टॉवर में चढ़ गया। उसे देखकर लोगों की नींद उड़ गई। काफी प्रयास के बाद वह नीचे नहीं उतरा। करीब चार घंटे तक यह खतरनाक ड्रामा चलता रहा। आखिरकार, दूसरे दिन सुबह बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद पुलिस की मदद से लोगों ने रस्सा बांधकर उसे नीचे उतारा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना बीते रविवार की सुबह की है। पूरा मामला हिर्री थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला निवासी संजय यादव अपने चाचा के ससुराल खजुरी-उड़ेला मेहमानी में आया था। बीते शनिवार की रात वह सो रहा था। तभी अचानक देर रात 2 बजे वह उठ घर घूमने निकल गया। इस दौरान वह गांव से गुजरी हाईटेंशन ट्रांसमिशन टॉवर पर चढ़ गया। जब लोगों ने उसे टॉवर पर चढ़े देखा, तब इसकी जानकारी उसके परिजन को दी। उसकी हरकतों से हैरान रिश्तेदार दौड़कर टॉवर के पास पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए चिल्लाते रहे। लेकिन, वह और ऊपर पहुंच गया।

देर रात परिजनों ने इस घटना की जानकारी हिर्री पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंच गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छतौना सब स्टेशन के बिजली कर्मियों को बुलाया। लेकिन, उन्होंने ट्रांसमिशन लाइन होने की बात कहते हुए आने से ही मना कर दिया। इस घटना की जानकारी हेडक्वार्टर डीएसपी सीडी लहरे को दी गई, तब वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। फिर रतनपुर व कोनी पुलिस को जानकारी देकर भरनी स्थित पावर ग्रिड से बिजली सप्लाई बंद कराया। वहां से टीम बुलाकर रविवार की सुबह टॉवर में रस्सा बांधकर युवक को किसी तरह नीचे उतारा जा सका।


Next Story