छत्तीसगढ़

बुजुर्ग महिला से 'सुरक्षा' के नाम पर ठगी, ऑटो चालक की भूमिका पर भी पुलिस को शक

jantaserishta.com
6 Aug 2026 2:01 PM IST
बुजुर्ग महिला से सुरक्षा के नाम पर ठगी, ऑटो चालक की भूमिका पर भी पुलिस को शक
x
छत्तीसगढ़ न्यूज.

बिलासपुर: बिलासपुर में बुजुर्ग महिला को बातों में फंसाकर ठगों ने करीब 2 लाख रुपए के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने पहले सुरक्षा का डर दिखाया, फिर जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने का झांसा दिया। इसके बाद महिला को कागज की पोटली थमाकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। टीआई किशोर कुमार केंवट ने बताया कि सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी (68) की कंवरराम मार्केट में कपड़ों की दुकान है। 3 अगस्त की शाम वे रोज की तरह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं।
नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला को बातों में उलझा लिया।
आरोपियों ने महिला से कहा कि शहर में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए खुले में सोने के जेवर पहनना सुरक्षित नहीं है। बातों-बातों में उन्होंने महिला को ऑटो में बैठा लिया और पानी भी पिलाया। इसके बाद जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी।
महिला उनके झांसे में आ गईं और अपने हाथ का सोने का कंगन, अंगूठी उतारकर आरोपियों को दे दी। आरोपियों ने कपड़े में बांधने का नाटक किया और कुछ ही देर बाद कागज की पोटली वापस थमा दी। इसके बाद थोड़ी दूर जाकर महिला को ऑटो से उतार दिया और फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, महिला के एक हाथ में पहले से चोट होने के कारण सूजन थी। इसी वजह से उस हाथ में पहना दूसरा सोने का कंगन नहीं निकल पाया। यदि वह भी उतर जाता तो आरोपी और अधिक कीमती जेवर लेकर फरार हो जाते।
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। जिस तरह आरोपियों ने महिला को ऑटो में बैठाकर पूरी घटना को अंजाम दिया, उसे देखते हुए इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस को मिले हैं। फुटेज में दो युवक पहले महिला से बातचीत करते और फिर उन्हें अपने झांसे में लेते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story