छत्तीसगढ़
बुजुर्ग को चाकू दिखाकर लूटपाट, कोतवाली पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
Shantanu Roy
27 Nov 2026 7:36 PM IST

x
छग
Rajnandgaon. राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लूट की दो वारदातों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि विधि से संघर्षरत एक बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। दोनों पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने दोबारा घेराबंदी कर पकड़ लिया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल, नकदी, स्कूटी और स्प्रिंगदार चाकू समेत कुल 1 लाख 13 हजार 200 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की रात करीब तीन बजे गोल बाजार सब्जी मंडी निवासी 69 वर्षीय श्रीकांत गुप्ता अपनी भतीजी की शादी में शामिल होकर सुचेता लॉन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीआईटी बायपास चौक के पास सफेद रंग की स्कूटी में सवार तीन लोगों ने उनके वाहन के सामने स्कूटी लगाकर रास्ता रोक दिया।
आरोपियों ने पता पूछने के बहाने बुजुर्ग से मोबाइल मांगा। मोबाइल देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर उनका मोबाइल छीन लिया और जेब में रखे करीब 3,500 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 733/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दिन सुबह करीब छह बजे लखोली स्थित बिजली कार्यालय के पास भी लूट की घटना हुई थी। भर्रेगांव निवासी तामेश्वर कुमार साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनका मोबाइल और 700 रुपये लूट लिए। इस मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 732/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और डीएसपी अजाक एवं क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने पतासाजी करते हुए लखोली बैगापारा स्थित अटल आवास निवासी 22 वर्षीय विशाल बांसफोड़ और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने लूटपाट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
दोनों को पहचान और पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। इसी दौरान दोनों पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। इस संबंध में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 735/2026 के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश के लिए कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम रवाना की गई। तलाश के दौरान पुलिस को दोनों के कन्हारपुरी स्थित खंडहर के पास होने की जानकारी मिली। अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दोबारा पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर 60 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल, 50 हजार रुपये कीमत की स्कूटी और 3,200 रुपये नकद जब्त किए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त स्प्रिंगदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। संगठित रूप से अपराध करने और पूर्ववर्ती आपराधिक गतिविधियों के आधार पर विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। वहीं, जब्त चाकू के आधार पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत भी कार्रवाई की गई है। कोतवाली पुलिस ने 27 नवंबर को आरोपी विशाल बांसफोड़ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को पृथक रूप से किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है। मामले में संलिप्त फरार आरोपी अनुख बांसफोड़ की तलाश जारी है।
Next Story





