
रायपुर। वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को यहां कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में देश की आर्थिक यात्रा नई ऊंचाईयों को छू रही है। उन्होंने कहा कि भारत, जापान को पछाड़कर चौथे नंबर की बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमणियम ने आईएमएफ का हवाला देते हुए कहा था कि भारत विश्व की चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है। इस पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने खुशी जताई, और कहा कि यूपीए सरकार के दौर में 2004 से 2014 तक भारत की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर थी, और एक ही स्थान पर रही। इसके बाद मोदीजी के प्रधानमंत्री रहते भारत की अर्थव्यवस्था 10 साल में छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत की अर्थव्यवस्था तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगी, लेकिन एक साल के भीतर जापान को पछाड़कर भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। चौधरी ने कहा कि मोदीजी के नेतृत्व में आर्थिक यात्रा नई ऊंचाईयों को छू रहा है। 2047 तक भारत विश्व राजनीतिक, आर्थिक, और सांस्कृतिक रूप से शीर्ष स्थान पर होगा।





