
x
छग
Durg. दुर्ग। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने विशेष अभियान चलाया। पावर हाउस से सुपेला क्षेत्र के बीच चलाए गए अभियान के दौरान नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े 96 वाहनों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, सड़क पर खड़े ऑटो डीलरों के 14 दोपहिया वाहनों को धारा 152 के तहत कार्रवाई के लिए छावनी थाने के सुपुर्द किया गया।
यह विशेष अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाया गया। यातायात पुलिस की टीम ने पावर हाउस से सुपेला क्षेत्र तक सड़क किनारे और नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान कई वाहन मुख्य मार्ग के किनारे खड़े मिले, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और दूसरे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यातायात पुलिस ने नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले 96 वाहन चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत ई-चालान जारी किया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की समझाइश दी गई। उन्हें बताया गया कि मुख्य मार्ग और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से सड़क पर उपलब्ध जगह कम हो जाती है और जाम के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है।
अभियान के दौरान ऑटो डीलरों द्वारा सड़क पर खड़े किए गए 14 दोपहिया वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने इन वाहनों को धारा 152 के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए छावनी थाने के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर बिक्री या प्रदर्शन के लिए वाहनों को खड़ा करने से आम नागरिकों का आवागमन प्रभावित होता है और व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने मौके पर मौजूद ऑटो डीलरों को सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त समझाइश दी। डीलरों से कहा गया कि बिक्री और प्रदर्शन के लिए रखे जाने वाले वाहनों को निर्धारित परिसर या निजी पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। सार्वजनिक मार्ग का व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग किए जाने पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





