छत्तीसगढ़
जियो पेट्रोल पंप में शराबियों की गुंडागर्दी, मैनेजर से मारपीट
Shantanu Roy
29 Aug 2025 12:24 AM IST

x
देखें VIDEO...
Bilaspur. बिलासपुर। शहर में मंगलवार देर रात जियो पेट्रोल पंप पर शराबियों ने जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, CG 12 AP 3489 नंबर की कार से पहुंचे कुछ युवक नशे में धुत होकर आए और पंप पर कर्मचारियों से विवाद करने लगे। मामला धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पेट्रोल पंप मैनेजर से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।
विवाद की शुरुआत "जियो स्माइल" रिडीम को लेकर
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि आरोपी युवक अपनी गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के बाद खुद को "जियो स्माइल मेंबर" बताने लगे और उससे जुड़ी स्कीम का लाभ लेने के लिए स्माइली रिडीम की मांग की। नियमों के तहत जब कर्मचारी ने उनसे OTP मांगा तो उन्होंने देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर वहां विवाद की स्थिति बन गई।
गाली-गलौज और हाथापाई
कर्मचारी के मना करने पर आरोपियों ने पहले तो गाली-गलौज शुरू की और इसके बाद पेट्रोल पंप मैनेजर के साथ हाथापाई तक कर डाली। घटना में पंप मैनेजर को चोट आई है। हंगामे से पूरे पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौजूद ग्राहकों ने भी स्थिति को बिगड़ते देखा तो वहां से दूरी बना ली।
सिविल लाइन थाना में शिकायत
घटना के बाद पंप प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। पंप मैनेजर ने बयान में साफ कहा कि शराबी युवकों ने जानबूझकर विवाद खड़ा किया और मारपीट की। प्रबंधन ने पुलिस से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पैट्रोल कम डालने को लेकर भी हुई थी कहासुनी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान पैट्रोल की मात्रा को लेकर भी कार मालिक और पंप कर्मचारी के बीच कहासुनी हुई थी। इस बहस ने भी विवाद को और बढ़ा दिया। हालांकि मुख्य वजह "जियो स्माइल OTP" को लेकर उत्पन्न हुआ विवाद ही बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की शिकायत मिल चुकी है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पंप कर्मचारियों और मैनेजर के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर में बढ़ रही पेट्रोल पंप घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब बिलासपुर के किसी पेट्रोल पंप पर विवाद या हंगामा हुआ हो। इससे पहले भी पैट्रोल कम डालने, कैश ट्रांजैक्शन और स्कीम को लेकर कई बार ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच झगड़े की स्थिति बनी है। इस घटना ने एक बार फिर पेट्रोल पंप की सुरक्षा व्यवस्था और शराबियों के खुलेआम घूमने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रबंधन ने मांगी सुरक्षा
जियो पेट्रोल पंप प्रबंधन ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि शराबियों द्वारा लगातार इस तरह की गुंडागर्दी कर्मचारियों का मनोबल गिराती है और शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
Next Story





