
x
छत्तीसगढ़ क्राइम न्यूज
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत पालीडीह में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 16 नवंबर की शाम एक अनियंत्रित आर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो कारों और सात मोटरसाइकिलों सहित कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शोरूम के सामने खड़े लोगों को मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, घटना 16 नवंबर की शाम करीब 5 बजे पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शोरूम के सामने हुई। बटुराबहार निवासी बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथी सीताराम नायक एवं संदीप चौहान के साथ मोटरसाइकिल खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार और मोटरसाइकिल शोरूम के बाहर खड़ी कर दी थी। इसी दौरान उनके परिचित विके बंजारा भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। शाम को सभी लोग शोरूम से बाहर निकले ही थे कि पाकरगांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, कार गलत दिशा से आ रही थी।
चार लोग गंभीर घायल, नौ गाड़ियां क्षतिग्रस्त
बेकाबू कार ने शोरूम के सामने खड़ी स्विफ्ट डिजायर, ऑल्टो कार और कई मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के कारण दो कारों और सात मोटरसाइकिलों सहित कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार वाहनों को टक्कर मारती दिखाई दे रही है।
भागने की कोशिश में गड्ढे में फंसी कार
हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी आर्टिगा कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद चालक कार से उतरकर भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया।
नशे में था आरोपी चालक, पुलिस ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी की पहचान घनश्याम यादव (21 वर्ष), निवासी पालीडीह धनियापारा, थाना पत्थलगांव के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था और तेज रफ्तार से गलत दिशा में वाहन चला रहा था। बोधलाल नायक की शिकायत पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 324(2) में मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद दुर्घटना में इस्तेमाल आर्टिगा कार जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एएसपी ने लोगों से की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि नशे में तेज रफ्तार से गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ। इसमें चार लोग घायल हुए और नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने के बाद वाहन न चलाएं। सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें।
Next Story





