छत्तीसगढ़

नशे के कारोबार का खुलासा, स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखी थीं 737 कैप्सूल

jantaserishta.com
12 Oct 2026 5:40 PM IST
नशे के कारोबार का खुलासा, स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखी थीं 737 कैप्सूल
x
छत्तीसगढ़.
बालोद: बालोद पुलिस ने अवैध नशीली दवाइयों की बिक्री के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ट्रामाडोल की 737 कैप्सूल, तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। जब्त की गई नशीली दवाइयों की कीमत करीब 4,790 रुपए बताई जा रही है। आरोपी इन कैप्सूल को स्कूटी की डिक्की में रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
इसके अलावा, गांजा और नशीले पदार्थों का सेवन कर मोहल्ले में अशांति फैलाने वाले चार अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। बालोद एसडीओपी विनय साहू के मुताबिक, 10 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि टिकरापारा निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं अपनी काले रंग की होंडा डियो स्कूटी (CG 24 V 7412) में नशीली दवाइयां रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूटी की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की में लाल पॉलीथिन के अंदर ट्रामाडोल की 449 कैप्सूल मिलीं। इनकी कीमत करीब 2,918 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपए कीमत की स्कूटी भी जब्त कर ली।
पुलिस ने पूछताछ के आधार पर दल्लीराजहरा के वार्ड-25 निवासी शंकर नायडू से ट्रामाडोल की 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन जब्त किया। इसी तरह बालोद के नया पारा निवासी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल के पास से भी 144 कैप्सूल और एक मोबाइल फोन मिला। दोनों के पास से मिली कैप्सूल की कीमत करीब 936-936 रुपए बताई गई है।
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत मामला दर्ज किया है। सुशील कुमार आर्य को 10 अक्टूबर और शंकर नायडू व भूपेश्वर साहू को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नशीली दवाइयों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। मामले में आगे की जांच भी जारी है।
पुलिस ने 9 अक्टूबर को मोहल्ले में गांजा, शराब और नशीली दवाइयों की बिक्री के साथ अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार, नशे के सेवन से शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इनमें बालोद के वार्ड-5 निवासी गजेन्द्र यादव (23), संजय नगर वार्ड-2 निवासी प्रियांशु धीमर (23) और दल्लीराजहरा के वार्ड-25 निवासी नवशाद अंसारी (37) व किशन साहू (38) शामिल हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत चारों को जेल भेज दिया गया है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story