
ड्रग के साथ पकड़ाया दुर्ग का तस्कर, न्यू-ईयर पार्टी में सप्लाई का था प्लान
ऑपरेशन निश्चय: 217 मामलों में पुलिस ने 3 करोड़ का माल किया जब्त
जनता से रिश्ता की खबर का असर, हमारी खबर की पुष्टि हुई
नए साल से पहले ड्रग तस्कर हो रहे सक्रिय
नशे की पार्टियां रोजाना वीआईपी रोड के महंगे क्लबों, रेस्टोरेंटो, बारों और फार्म हाउसों में किया जा रहा
लाखों-करोड़ों की कीमत में नए साल की पार्टियां होगी
रायपुर शहर में विश्व की सबसे महंगी नशे की पार्टियां होगी
राजधानी की क्लबों में नए साल के आगाज़ से पहले पुलिस को होना होगा चौकन्ना
रायपुर। नए साल के जश्न के दौरान नशे के बढ़ते चलन पर अंकुश लगाने पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली क्षेत्र में सिद्धार्थ चौक स्थित नरैय्या तालाब के पास एक व्यक्ति को एमडी ड्रग्स के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी न्यू ईयर की पार्टियों, खासकर आउटर एरिया के फार्म हाउस और क्लबों में एमडी ड्रग्स सप्लाई करने की फिराक में था। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर खपाने की कोशिश में है। टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध को पकड़ा और तलाशी में उसके पास से 4 ग्राम 790 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये है। इस मामले में नारकोटिक एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दुर्ग जिले के पाटन का निवासी है और रायपुर के साथ-साथ दुर्ग के ग्राहकों को भी एमडी ड्रग्स सप्लाई करता था। उससे पूछताछ में कुछ ग्राहकों और सप्लायर के नाम सामने आए हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि संलिप्तता पाए जाने पर सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी से जुड़े तथ्य
आरोपी अब्दुल करीम उर्फ समीर, पिता मोह0 रशीद, 26 साल, निवासी भाटापारा मंच वाली गली, पाटन, जिला दुर्ग। उसके कब्जे से 04 ग्राम 790 मिलीग्राम एम.डी. ड्रग्स और 01 नग मोबाइल फोन जप्त। जप्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 55,000/- रुपये। आरोपी ने न्यू ईयर पार्टियों के लिए एम.डी. ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था। सिंडिकेट की जांच पूछताछ में पता चला कि आरोपी का नेटवर्क दुर्ग और रायपुर के ग्राहकों तक फैला हुआ था। पुलिस अब सिंडिकेट में जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है।
3 करोड़ से ज्यादा माल जब्त
ऑपरेशन निश्चय अभियान के तहत रायपुर पुलिस अब तक 94 प्रकरणों में 217 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनसे गांजा, चिट्टा, एम.डी. ड्रग्स, कोकिन, अफीम सहित विभिन्न मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.85 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि नव वर्ष से पहले नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए एंड टू एंड एक्शन जारी है।
जगदलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 52 लाख के हशीश ऑयल के साथ तस्कर गिरफ्तार
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए हशीश ऑयल (गांजा तेल) की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 52 लाख 12 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। आरोपी इस मादक पदार्थ को बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस की सतर्कता से वह पकड़ में आ गया। पुलिस को यह सफलता 24 दिसंबर की शाम मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर मिली। सूचना मिली थी कि 45 से 50 वर्ष का एक व्यक्ति एक थैले में अवैध नशीला पदार्थ गांजा तेल (हशीश ऑयल) लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर थाना बोधघाट की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और बताए गए स्थान ग्राम आड़ावाल के आगे झंडा चौक पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने वहां संदिग्ध अवस्था में खड़े व्यक्ति को चिन्हित कर उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित कुमार बाघ, पिता स्वर्गीय महंती बाघ, उम्र 47 वर्ष बताया। पुलिस द्वारा जब संदिग्ध के पास रखे थैले की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से दो बोतल हशीश ऑयल बरामद हुई। मौके पर नारकोटिक किट से जांच की गई, जिसमें पदार्थ के हशीश ऑयल होने की पुष्टि हुई। बरामद दो बोतलों में कुल वजन लगभग 4.170 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 52,12,500 रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अधिक पैसा कमाने की लालच में गांजा तेल की तस्करी कर रहा था।
नए साल से पहले गांजा माफिया पर कड़ा प्रहार, 48 लाख का माल जब्त
सारंगढ़ जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस साल की सबसे बड़ी गांजा तस्करी की कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सरिया पुलिस ने सब्जी की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 300 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है। जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा, शराब और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में थाना सरिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 26 दिसंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और आगे-आगे एक कार पायलेटिंग कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खजूरिया तालाब, सरिया के पास घेराबंदी की और संदिग्ध सफेद रंग की पिकअप गाड़ी क्रमांक क्क 64 ष्टञ्ज 6904 को रोककर जांच की। जांच के दौरान पिकअप में ऊपर सब्जी की कैरेट रखी गई थी। जब पुलिस ने कैरेट हटाई तो नीचे 10 बोरियों में भरा 150 पैकेट गांजा, कुल वजन 300 किलो 200 ग्राम, बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार राजपूत उर्फ गुड्डू, पिता रामविलास राजपूत, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बमरौली, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने चार अन्य साथियों के साथ उड़ीसा के बलांगीर से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश के फतेहपुर ले जा रहा था।





