छत्तीसगढ़

ड्राइवर को रायपुर-बिलासपुर हाईवे में मार डाला

Nilmani Pal
22 April 2026 3:02 PM IST
ड्राइवर को रायपुर-बिलासपुर हाईवे में मार डाला
x

बिलासपुर। रायपुर–बिलासपुर मार्ग पर झाल गांव के पास सोमवार देर रात बदमाशों ने चलती गाड़ियों पर पत्थर और ईंटें बरसाकर दहशत फैला दी। घटना में एक मैटाडोर मालिक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने पहले इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था, जिसे अब चालक की मौत के बाद हत्या में परिवर्तित किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, लोरमी निवासी जगदीश भोंसले अपनी मैटाडोर से बारात छोड़कर लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे झाल के पास अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी दौरान अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री से चकरभाठा जा रहे एक ट्रक पर भी हमला किया गया। चालक सोनू सरोज के सिर पर पत्थर लगने से वह नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से उतर गया। करीब ढाई किलोमीटर आगे एक स्कॉर्पियो पर भी पत्थरबाजी हुई, जिससे वह सड़क पर ही पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश वाहनों को रोककर लूट की नीयत से पत्थरबाजी कर रहे थे। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में पत्थरबाजी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पिछले वर्षों में कार, बस और यहां तक कि ट्रेन तक को निशाना बनाया गया है, जिनमें कई लोग घायल हुए और एक राजनीतिक कार्यकर्ता की जान भी जा चुकी है।

Next Story