छत्तीसगढ़

गौवंश को कुचलकर ट्रक समेत हुआ फरार चालक गिरफ्तार

SHIDDHANT
16 Sept 2026 12:24 AM IST
गौवंश को कुचलकर ट्रक समेत हुआ फरार चालक गिरफ्तार
x
छग
Kanker. कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र में तेज एवं लापरवाहीपूर्वक ट्रक चलाते हुए गौवंश को कुचलने और घटना के बाद वाहन लेकर फरार होने के आरोप में पुलिस ने एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। हादसे में गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी चालक को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कानापोड़ के पास यह घटना हुई। शिकायतकर्ता ने चारामा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक ट्रक के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क पर मौजूद गौवंश को कुचल दिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय ट्रक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
शिकायत मिलने के बाद चारामा थाने में अपराध क्रमांक 192/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 325, 299 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी कांकेर हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में चारामा पुलिस की टीम ने घटना के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान 15 सितंबर को पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को हिरासत में लिया और चालक से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान हितेश्वर यादव (26), निवासी पर्रेगुड़ा करहीबदर के रूप में हुई। मामले में ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी और वाहन की तलाश तथा गिरफ्तारी की कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उप निरीक्षक रूपेन्द्र पटेल और आरक्षक ओमप्रकाश कुंजाम की विशेष भूमिका रही। चारामा पुलिस ने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया है।
Next Story