छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में नई मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, महिला वोटरों ने मारी बाजी; 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और सुधारने का मौका

Shubhra Nandy
13 Nov 2026 11:49 AM IST
छत्तीसगढ़ में नई मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, महिला वोटरों ने मारी बाजी; 11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और सुधारने का मौका
x
4 जनवरी 2027 को जारी होगी फाइनल लिस्ट
रायपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत प्रारंभिक निर्वाचक नामावली (ड्राफ्ट रोल) का प्रकाशन कर दिया गया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। खास बात यह है कि राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
पुरुषों से आगे निकलीं महिला मतदाता
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में-
महिला मतदाता: 95.31 लाख
पुरुष मतदाता: 94.84 लाख
थर्ड जेंडर मतदाता: 412
घर बैठे ऐसे चेक करें सूची में अपना नाम
मतदाताओं की सुविधा के लिए यह ड्राफ्ट सूची सभी स्थानीय मतदान केंद्रों पर चस्पा की गई है। इसके अलावा, नागरिक घर बैठे 'वोटर हेल्पलाइन एप' (ECINET) और निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल www.voters.eci.gov.in पर जाकर अपना नाम ऑनलाइन जांच सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क किया जा सकता है या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल किया जा सकता है।
युक्तियुक्तकरण के बाद कम हुए मतदान केंद्र
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण (Rationalization) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में पोलिंग बूथों की कुल संख्या 27,196 से घटकर अब 26,854 रह गई है। इनमें से 5,876 शहरी क्षेत्रों में और 20,978 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। आयोग ने नए मतदान केंद्रों की अद्यतन सूची भी सार्वजनिक कर दी है।
युवाओं के लिए एडवांस मौका
यदि ड्राफ्ट मतदाता सूची में आपका नाम छूट गया है, किसी विवरण में त्रुटि है या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम जुड़ गया है, तो 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। नया नाम जुड़वाने के लिए: फॉर्म-6
।
नाम कटवाने (विलोपन) के लिए: फॉर्म-7। नाम/पता संशोधन या स्थानांतरण के लिए: फॉर्म-8 भरना होगा। युवाओं के लिए बड़ी राहत यह है कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले युवाओं के साथ-साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले भावी मतदाता भी फॉर्म-6 के माध्यम से अग्रिम (एडवांस) आवेदन कर सकते हैं।
4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम सूची का प्रकाशन
पंजीकरण या संशोधन में किसी तरह की परेशानी आने पर मतदाता टोल-फ्री नंबर 1950 या ECINET एप के 'बुक ए कॉल विथ बीएलओ' (Book a Call with BLO) फीचर का इस्तेमाल कर सीधे अपने बीएलओ से बात कर सकते हैं। प्राप्त सभी दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
Next Story