डॉ. सरोज पांडे ने निकाय चुनाव के लिए दुर्ग में वोटिंग की
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों में आज सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो कि शाम 5 बजे तक चलेगी। बता दें कि, इस चुनाव में महापौर के 79 और 1889 पार्षद प्रत्याशियों के साथ अध्यक्ष पद के लिए 606 उम्मीदवार मैदान में उतरे हुए हैं। 15 फरवरी को इसके नतीजे आएंगे।
लोकतंत्र के महापर्व पर आज भाजपा के दिग्गज नेताओं ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया। इस दौरान भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सरोज पांडे ने दुर्ग के गुरुनानक स्कूल पहुंचकर मतदान किया। सरोज पांडे ने दुर्ग की जनता से अपील करते हुए कहा कि, हर एक मतदाता को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, इससे शहर की दशा दिशा तय होती है। कांग्रेस पर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि, जिस तरह दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति है वैसी स्थिति छत्तीसगढ़ में भी है। सरोज पांडे ने प्रदेश के सभी 10 निगमों में भाजपा का परचम लहराने का दावा किया।