छत्तीसगढ़

डॉ. रमन ने खुद को छत्तीसगढ़ समझ लिया है: भूपेश बघेल

Admin2
2 Feb 2021 6:18 AM GMT
डॉ. रमन ने खुद को छत्तीसगढ़ समझ लिया है: भूपेश बघेल
x
धान खरीदी को लेकर भाजपा पर हमलावर हुए सीएम

जसेरि रिपोर्टर

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी देवी चाहे जो कुछ भी कर लें प्रदेश भाजपा में जब तक रमन सिंह का कब्जा रहेगा तब तक कुछ नहीं होने वाला। वह कोशिश कर कर के थक जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा में जो काम करने वाले लोग हैं उन्हें दरकिनार कर दिया गया है। वहीं जो उनके जेबी कार्यकर्ता हैं उन्हें जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा का भविष्य यहां तो नहीं दिखाई देता। धान खरीदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बयानों के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काफी हमलावर हैं। रमन सिंह ने कहा था, जितना धान बरसात से नहीं उतना किसानों की आंसुओं से गीला हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा, रमन सिंह ने खुद को छत्तीसगढ़ समझ लिया है। उनके ही आंसू बह रहे हैं। किसानों ने ही उन्हें रुलाया है। 15 साल की सरकार 15 सीट पर सिमट गई उसका कारण ही किसान हैं। उन्होंने कहा, रमन सिंह ने 10 हजार करोड़ से अधिक की धान खरीदी कभी की ही नहीं। इस साल 17हजार 300 करोड़ से अधिक की राशि किसानों के खाते में गया है। यानी रमन सिंह के शासनकाल के किसी साल की खरीदी से पौने दो गुना ज्यादा। तो रो कौन रहा है। रो रहे हैं भाजपा के नेता, कार्यकर्ता भी नहीं केवल भाजपा के नेता।

अगले वर्ष निजी मंडियो में धान बेचें भाजपा नेता : मुख्यमंत्री ने कहा, रमन सिंह और भाजपा के नेताओं को अगले साल से निजी मंडी में धान बेचना चाहिए। उनको शपथ लेना चाहिए कि जितने भी भाजपा कार्यकर्ता हैं वे राजीव गांधी किसान न्याय योजना की राशि नहीं लेंगे। उनको शपथ लेना चाहिए कि वे शासकीय समितियों में धान नहीं बेचेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तबसे जनता को परेशानी ही हुई है। चाहे नोटबंदी की बात करें, चाहे जीएसटी की बात करें या फिर लॉकडाउन की बात करें। यह तीन बड़ी उपलब्धि उनके खाते में जाती हैं और तीनों ने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट किया।

बजट पर भूपेश ने कहा-देश को बेचने की तैयारी, रमन बोले-बजट संकल्प को पूरा करने वाला

केंद्र सरकार ने सोमवार को संसद में बजट पेश कर दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को संसद में बजट पेश करते हुए कहा कि इस साल विनिवेश का लक्ष्य 1.75 लाख करोड़ रुपए का है। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बजट का समर्थन करते हुए बजट को आम आदमी की आकांक्षाओं के अनुरूप बताया है। वहीं कांग्रेस ने बजट पर केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के मुयमंत्री भूपेश बघेल ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि- बजट बहुत ही निराशाजनक है, अब तक जितने भी बजट पास हुए हैं उन सबसे ज्यादा जीडीपी में गिरावट देखने को मिलेगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट कर कहा कि- 'आज का बजट आम आदमी की आकांक्षाओं के अनुरूप है, पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने वाला है। कोरोना की विपरीत परिस्थितियों के बाद आये बजट 2021-22 से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और देश के विकास को और अधिक गति मिलेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो रही हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए इस बजट से अनुमान 94,452 करोड़ की तुलना में 2021-22 में 2,23,846 करोड़ आवंटित करने की घोषणा की है। पीएम मोदी किसानों की आय दोगुना करने के लिये संकल्पबद्ध हैं। मोदी सरकार ने यूपीए सरकार से करीब तीन गुना राशि किसानों के खातों में दी है। किसानों के कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है। दाल, गेंहू,धान समेत अन्य फसलों की रूस्क्क बढ़ाई गई है।Ó

रमन ने कहा था-बरिश नहीं किसानों से आंसूओं से भीग गया धान

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने सोमवार को कहा कि छत्तीसगढ़ में जितना बारिश में नहीं भीगा, उससे ज्यादा धान तो किसान के आंसुओं में भीग गया। किसानों इस सलूक के लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। यह बातें डॉ रमन सिंह ने रायपुर स्थित अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात-चीत के दौरान कहीं। डॉ रमन ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसान धान खरीदी के वक्त परेशान होते रहे, मगर एक भी कांग्रेसी उनका हाल जनने नहीं गया। रायपुर छोड़कर किसानों की सुध लेने किसी कांग्रेसी के पास फुर्सत नहीं है।

कांग्रेस ने कहा था माफी मांगे डॉ रमन : दरअसल डॉ रमन सिंह का यह बयान कांग्रेस पार्टी कर तरफ से जारी बयान पर पलटवार था। कांग्रेस ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में रिकार्ड धान खरीदी हुयी, भाजपा नेता लगातार बाधा डालते रहे, भ्रम फैलाते रहे, फर्जी बातों को लेकर किसानों को राज्य सरकार के खिलाफ भड़काया, इनकी केन्द्र सरकार बाधा डालती रही। डॉ रमन सिंह को माफी भी मांगना चाहिये, शर्मिन्दा भी होना चाहिये। छत्तीसगढ़ में रमन सिंह सरकार ने किसानों से धोखाधड़ी की। 5 हॉर्स पावर पम्प की मुफ्त बिजली, एक-एक दाना धान की खरीदी, 2100 समर्थन मूल्य, 300 रू. बोनस जैसे वादे किए और हमेशा धोखा ही किया।

बीजेपी ने किया प्रदर्शन : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर भाजपा और कांग्रेस पिछले कई दिनों से एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. भाजपा ने किसानों के समर्थन में कई जगह प्रदर्शन भी किए. धान की पैदावार को लेकर कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार को घेरा भी है. इस पर कांग्रेस की ओर से कहा गया था कि छत्तीसगढ़ में रिकार्ड धान खरीदी हुयी, भाजपा नेता लगातार बाधा डालते रहे, भ्रम फैलाते रहे, फर्जी बातों को लेकर किसानों को राज्य सरकार के खिलाफ भड़काया, इनकी केन्द्र सरकार बाधा डालती रही. इसलिए डॉ रमन सिंह को माफी भी मांगना चाहिये, शर्मिन्दा भी होना चाहिये।

Next Story