छत्तीसगढ़

राज्यपाल अनुसुईया उइके से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने की मुलाकात

Nilmani Pal
25 Feb 2022 12:22 PM GMT
राज्यपाल अनुसुईया उइके से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने की मुलाकात
x

रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके से आज राजभवन में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने सौजन्य मुलाकात की।

उल्लेखनीय है कि डॉ. गिरीश चंदेल, देश के प्रख्यात पौध प्रजनक और जैव प्रौद्योगिकी के वैज्ञानिक हैं। छत्तीसगढ़ के सिमगा, हथबंद के ग्राम-कुकरा चुन्दा के मूल निवासी एवं किसान परिवार में जन्मे डॉ. चंदेल को कृषि शिक्षा अनुसंधान और विस्तार प्रबंधन का 30 वर्षों का अनुभव है, जिसमें 07 वर्षों का अनुभव विशेष रूप से सूखे और पोषण अनुसंधान के लिए अत्याधुनिक स्टेट ऑफ आर्ट बुनियादी सुविधाओं के निर्माण और पोषण प्रबंधन पर रहा है। डॉ. चंदेल को अमेरिका की प्रतिष्ठित बोरलॉग फेलोशिप मिली। उन्हें अंतरराष्ट्रीय राइस राइस रिसर्च इंस्टिट्यूट फिलीपींस की भी डॉक्टोरेट फेलोशिप मिली।

डॉ. चंदेल ने अनेक अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय सेमिनारों में भाग लिया और उनके 50 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रिसर्च पेपर प्रकाशित किए गए। उन्होंने 15 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय परियोजनाओं का संचालन किया जिसकी लागत लगभग ₹20 करोड़ है। डॉ. चंदेल ने धान की बायोफोर्टीफाइड प्रजातियों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. चंदेल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनुसंधान एवं विकास कार्यों का वृहद अनुभव है। उन्होंने इंटरनेशनल जेनेटिक इंजीनियरिंग एवं बॉयोटेक्नोलॉजी सेंटर में पी एच.डी. फेलो तथा इंटरनेशनल राईस रिसर्च इंस्टीट्यूट में विजिटिंग वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया है।



Next Story