
भिलाई। कबीर कोहिनूर राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित हुए सुप्रसिद्ध मूर्तिकार डॉ. अंकुश देवांगन। उन्हें यह सम्मान शांति, मानवाधिकार और कला संस्कृति के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व कार्य के लिए दिया गया। सम्मान समारोह में देश-विदेश से अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ उपस्थित रही। यूरोपियन अभिनेत्री सिल्विया डे ला रोजा सांजो, स्पेन से आध्यात्मिक विश्व गुरु महर्षि उमेश योगी, मध्यप्रदेश से पद्मश्री कालूराम बामनिया, देहरादून से पद्मश्री डॉ. भूपेंद्र कुमार, राजस्थान से पद्मश्री हिम्मताराम भांभू एवं अखिल भारतीय कबीर मठ, बड़ी खाटू के अधिष्ठाता महंत डॉ. नानकदास जी महाराज विशेष रूप से उपस्थिति थे।
राजस्थान, नागौर जिले स्थित अखिल भारतीय कबीर मठ, बड़ी खाटू में आयोजित भव्य कबीर जयंती महोत्सव-2026 में यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ज्ञात हो कि अंकुश देवांगन अपने युवावस्था से ही बस्तर के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों को निशुल्क कला सीखाते आ रहे हैं। ताकि वे सृजनशील बनें और हिंसा के रास्ते में न जाएं। उनके 36 वर्षों से जारी इन भागीरथी प्रयासों से हजारों बच्चे माओवादी बनने से बचे हैं। यह कार्य उन्होंने कभी किसी पुरस्कार के लिए नहीं किया।
चूंकि भारत सरकार इस वर्ष माओवाद को पूरी तरह समाप्त कर रही है। तब उनका कार्य शेष दुनिया के सामने आ रहा है। देश भर से आए हजारों प्रविष्ठियों के बीच अंकुश का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होने पर प्रख्यात मॉडर्न आर्ट चित्रकार डी.एस. विद्यार्थी, आचार्य महेशचंद्र शर्मा, विमान भट्टाचार्य, सुप्रसिद्ध चित्रकार हरीसेन, रोहिणी पाटणकर, बी.एल. सोनी, ब्रजेश तिवारी, विजय शर्मा, तरूण धोटे, प्रवीण कालमेघ, साहित्यकार मेनका वर्मा, मीना देवांगन, रूपा साहू, सचिन थनवार निषाद, गुंजन शर्मा, राष्ट्रपति पुरस्कृत गुरुजी परसराम साहू तथा खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय से प्राध्यापक कपिल वर्मा ने उन्हें बधाई दी है।





