छत्तीसगढ़

रायपुर के डॉ. अजय सहाय की ‘मधुमेह की रामलीला’ बैंगलोर में मचाएगी धूम

Shubhra Nandy
17 Nov 2026 6:25 AM IST
रायपुर के डॉ. अजय सहाय की ‘मधुमेह की रामलीला’ बैंगलोर में मचाएगी धूम
x
नेशनल डायबिटीज कॉन्फ्रेंस में होगा मंचन
रायपुर : छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि अंचल के सुप्रसिद्ध फिजिशियन, समाजसेवी और फिल्म अभिनेता प्रो. डॉ. अजय सहाय द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित संगीत नाटिका ‘मधुमेह की रामलीला’ का चयन बैंगलोर में आयोजित होने वाली डायबिटीज की नेशनल कॉन्फ्रेंस के लिए किया गया है। आगामी 19 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में इस विशेष नाटिका का मंचन किया जाएगा। इसके कॉन्सेप्ट क्रिएटर डॉ. राका शिवहरे हैं।

मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई यह संगीत नाटिका अपने अनूठे अंदाज के कारण खास पहचान बना रही है। देशभर में महामारी की तरह पैर पसार रही डायबिटीज के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इसमें धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुति को माध्यम बनाया गया है। नाटिका में रावण को मधुमेह का प्रतीक दर्शाया गया है। वहीं, इस बीमारी से बचाव के उपायों को विभिन्न पात्रों के माध्यम से दोहे और चौपाइयों के रूप में प्रस्तुत किया जाता है।

इस प्रस्तुति की खासियत यह है कि इसमें मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया है। रामलीला की पारंपरिक शैली में मधुमेह जैसी बीमारी के प्रति सावधानी और बचाव के उपायों को समझाने का प्रयास किया गया है। इस तरह दर्शकों तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश को रोचक और प्रभावशाली तरीके से पहुंचाने की पहल की गई है।
देशभर में हो चुके हैं एक दर्जन से ज्यादा शो
‘मधुमेह की रामलीला’ को अब तक देशभर में दर्शकों के सामने एक दर्जन से अधिक बार प्रस्तुत किया जा चुका है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका प्रसारण दूरदर्शन केंद्र द्वारा भी किया जा चुका है। अब इस नाटिका का चयन डायबिटीज की नेशनल कॉन्फ्रेंस के लिए होना इसके सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. अजय सहाय इससे पहले भी स्वास्थ्य जागरूकता को मनोरंजन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के लिए कई रचनात्मक प्रयास कर चुके हैं। उनके द्वारा लिखित, निर्मित एवं निर्देशित नाटिका ‘मधुमेह की मुगल-ए-आजम’ को भी भरपूर सराहना मिली है। यह इंफोटेनमेंट कार्यक्रम भी मधुमेह मुक्त समाज बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
ये कलाकार निभा रहे हैं अहम भूमिका
‘मधुमेह की रामलीला’ में डॉ. अजय सहाय, डॉ. राका शिवहरे, डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. शिखा जायसवाल, पुष्पेंद्र सिंह, संगीता निषाद, तारा साहू, विक्रम जगत, जीतेंद्र निषाद, संतोष वर्मा सहित अन्य कलाकार अपनी भूमिकाएं निभा रहे हैं। बैंगलोर में 19 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाली डायबिटीज की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में इस नाटिका का मंचन रायपुर के लिए भी विशेष उपलब्धि है। स्वास्थ्य जागरूकता को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा और संगीत-नाट्य शैली से जोड़ने वाली यह प्रस्तुति अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है।

Next Story